गांधीनगर पुलिस की कार्रवाई: 100 फीट रोड पर तांडव मचाने वाले बजरी डंपर का मालिक गिरफ्तार

Update: 2026-04-02 08:38 GMT

 भीलवाड़ा BHN. शहर के व्यस्ततम 100 फीट रोड पर पिछले दिनों बजरी से भरे बेकाबू डंपर द्वारा मचाए गए उत्पात के मामले में गांधीनगर थाना पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने डंपर के मालिक सुनील (21) को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में डंपर चलाने वाले नाबालिग चालक को पुलिस पहले ही निरुद्ध कर चुकी है।

 बिजली के खंभे उखड़े 

गांधीनगर थाने के सहायक उप निरीक्षक सुनील शर्मा ने बताया कि घटना कुछ दिनों पहले रात करीब 10 बजे अहिंसा बंगलो चौराहे के पास हुई थी। एक तेज रफ्तार बजरी भरा डंपर चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और सड़क किनारे लगे बिजली के कई खंभों को धराशायी कर दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि चौराहे पर लगी हाई-मास्क लाइट भी चकनाचूर हो गई।

शॉर्ट सर्किट से मचा हड़कंप

खंभों से टकराने के बाद डंपर बीच सड़क पर ही पलट गया। इस दौरान बिजली के तारों में जोरदार शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसकी चिंगारियों से पास ही स्थित एक चाय की थड़ी में भीषण आग लग गई। आगजनी में थड़ी का सारा सामान जलकर खाक हो गया और पूरे इलाके की बिजली गुल हो गई थी। डंपर पलटने से नाबालिग चालक को भी चोटें आई थीं।

पुलिस की सख्त कार्रवाई

पुलिस ने इस मामले में अवैध बजरी परिवहन और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुँचाने सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया था। गहन जांच के बाद पुलिस ने डंपर मालिक सुनील को धर दबोचा। पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर रही है।

 

Similar News