रूह कंपा देने वाला हादसा: 11 महीने के मासूम की बाल्टी में डूबने से मौत, सदमे में टेक प्रोफेशनल मां ने भी दी जान

Update: 2026-04-02 09:11 GMT

 बेंगलुरु । कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। एक मामूली सी लापरवाही ने हंसते-खेलते परिवार को पल भर में तबाह कर दिया। यहाँ एक 11 महीने के मासूम बच्चे की पानी की बाल्टी में डूबने से मौत हो गई, जिसके गम और आत्मग्लानि में डूबी सॉफ्टवेयर इंजीनियर मां ने भी सुसाइड कर लिया।

छत पर कपड़े लेने गई थी मां, नीचे घट गया अनर्थ

पुलिस के अनुसार, 29 वर्षीय मृतका प्रतिभा एक नामी कंपनी में टेक प्रोफेशनल थीं। बुधवार को उनके पति महांतेश काम पर गए हुए थे और प्रतिभा घर पर अपने बेटे अगस्त्य के साथ अकेली थीं। दोपहर के समय प्रतिभा कुछ देर के लिए छत पर सूखे कपड़े लेने गई थीं। इसी दौरान रेंगता हुआ मासूम अगस्त्य वॉशिंग एरिया में पहुँच गया और वहां पानी से भरी बाल्टी में गिर गया। जब तक प्रतिभा नीचे लौटीं, मासूम की डूबने से मौत हो चुकी थी।

खुद को दी दर्दनाक सजा: पहले कलाई काटी, फिर जहर खाकर फंदे पर झूली

अपने कलेजे के टुकड़े को मृत देख प्रतिभा गहरे सदमे और अपराधबोध (Guilt) में चली गईं। पुलिस जांच में सामने आया है कि बेटे की मौत के लिए खुद को जिम्मेदार मानते हुए प्रतिभा ने आत्मघाती कदम उठाया। उन्होंने पहले अपनी कलाई काटी, फिर करीब 15 नशीली गोलियां खाईं और अंत में फंदे से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।

सुसाइड नोट में छलका दर्द: 'मैं ही जिम्मेदार हूँ'

शाम करीब 6:30 बजे जब पति महांतेश घर लौटे, तो अंदर का नजारा देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें प्रतिभा ने साफ लिखा कि वह अपने बच्चे की मौत को बर्दाश्त नहीं कर पा रही हैं और इसके लिए पूरी तरह खुद को दोषी मानती हैं। पुलिस ने मौके से 15 गोलियों की खाली स्ट्रिप भी बरामद की है।

यह परिवार पिछले चार साल से बेंगलुरु में किराए के फ्लैट में रह रहा था। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Similar News