मानवता शर्मसार: सौतेले पिता ने किया 16 साल की बेटी से दुष्कर्म, पेट दर्द ने खोला 4 माह की गर्भवती होने का राज

Update: 2026-04-02 09:23 GMT

 पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से एक बेहद घृणित और रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। जहाँ एक 16 वर्षीय किशोरी अपने ही घर में सुरक्षित नहीं रह सकी। रिश्तों को कलंकित करते हुए किशोरी के सौतेले पिता ने उसके साथ दरिंदगी की, जिसका खुलासा तब हुआ जब किशोरी के पेट में लगातार दर्द रहने लगा।

अस्पताल की रिपोर्ट देख उड़े मां के होश

जानकारी के अनुसार, किशोरी के पेट में अक्सर दर्द रहता था। मां ने इसे सामान्य बीमारी समझकर पहले घरेलू उपचार किए, लेकिन आराम नहीं मिलने पर मंगलवार को वह बेटी को लेकर अस्पताल पहुँची। डॉक्टरों ने जब किशोरी का अल्ट्रासाउंड (Ultrasound) कराया, तो रिपोर्ट चौंकाने वाली थी। जांच में पुष्टि हुई कि 16 साल की नाबालिग 4 माह की गर्भवती है। यह खबर सुनते ही मां के पैरों तले जमीन खिसक गई।

जान से मारने की धमकी देकर करता था दरिंदगी

गर्भवती होने की बात सामने आने पर बदहवास बेटी ने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई। उसने बताया कि जब भी उसकी मां खेत या किसी काम से बाहर जाती थी, पीछे से उसका सौतेला पिता उसके साथ दुष्कर्म करता था। विरोध करने पर आरोपी उसे और उसकी मां को जान से मारने की धमकी देता था। इसी खौफ के कारण मासूम कई महीनों तक खामोश रही और जुल्म सहती रही।

पुलिस ने दर्ज किया पॉक्सो एक्ट में मामला

मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ (CO) प्रगति चौहान ने बताया कि बुधवार को पीड़िता की मां ने थाने पहुँचकर शिकायत दर्ज करवाई है। मां की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी सौतेले पिता के खिलाफ पाक्सो एक्ट (POCSO Act) और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और कड़ी कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Similar News