मेहंदीपुर बालाजी: 1100 किलो पंचामृत से अभिषेक और हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा, उमड़ा आस्था का सैलाब
मेहंदीपुर बालाजी | विश्व विख्यात आस्थाधाम मेहंदीपुर बालाजी में गुरुवार को हनुमान जन्मोत्सव अपार श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सिद्धपीठ के महंत डॉ. नरेशपुरी महाराज के सान्निध्य में आयोजित धार्मिक अनुष्ठानों के बीच देश-विदेश से आए लाखों श्रद्धालुओं ने बालाजी महाराज के दरबार में ढोक लगाई।
स्वर्ण चोला और अलौकिक श्रृंगार
उत्सव के खास मौके पर पंडितों के मंत्रोच्चार के बीच स्वयंभू बालाजी महाराज का 1100 किलो पंचामृत से अभिषेक किया गया। इसके पश्चात भगवान को सोने का चोला चढ़ाकर अलौकिक श्रृंगार किया गया और बालरूप झांकी सजाई गई। महाबली को 1784 किलो चूरमा, मेवा, फल व छप्पन भोग का विशेष भोग अर्पित किया गया।
हेलीकॉप्टर से बरसे फूल, ड्रोन से हुई निगरानी
सुबह सात बजे मंगला महाआरती के साथ पूरा मंदिर परिसर घंटों और घड़ियालों की गूंज से भक्तिमय हो उठा। इस दौरान श्रद्धालुओं पर ड्रोन और हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई, जो आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। ट्रस्ट द्वारा भक्तों को पंचामृत, पकौड़ी और बूंदी के प्रसाद का वितरण किया गया। सुरक्षा और सुविधा के लिए बड़ी स्क्रीन पर भी दर्शनों की व्यवस्था की गई।
महलनुमा सजावट और भव्य लवाजमा
हनुमान जन्मोत्सव पर मंदिर परिसर में 2 हाथी, 6 घोड़े और आकर्षक झांकियां सजाई गई थीं। कारीगरों द्वारा मंदिर प्रांगण और गर्भगृह को भव्य स्वरूप दिया गया। मंदिर के बाहरी हिस्से पर रंग-बिरंगी थ्रीडी लाइटिंग और 300 मीटर लंबी सजी गैलरी भक्तों को मंत्रमुग्ध कर रही थी। मुख्य द्वार को महलनुमा रूप दिया गया, जिसे देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी।
विश्व शांति की प्रार्थना और कन्या पूजन
महंत डॉ. नरेशपुरी महाराज ने 151 कन्याओं को वस्त्र वितरित कर उनका आशीर्वाद लिया। देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए महंत ने कहा कि बालाजी महाराज से विश्व शांति की मंगल कामना की गई है। उन्होंने बताया कि यहाँ हनुमानजी साक्षात बालरूप में विराजमान हैं और अपने शरणागत भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं।
