व्यापारी के साथ डकैती का मामला-: मास्टर माइंड सहित दो आरोपितों से 1.5 लाख रुपये और बरामद
भीलवाड़ा बीएचएन । गुटखा व्यापारी से डकैती के मामले में कोतवाली पुलिस ने मास्टर माइंड सहित दो आरोपितों से 1 लाख 5 हजार रुपये की राशि और बरामद की है। बता दें कि इससे पहले तीन आरोपितों से 90 हजार रुपये व एक स्कूटी बरामद कर चुकी है।
कोतवाली थाने के एएसआई अशोक सोनी के अनुसार, डकैती के इस मामले में मास्टर माइंड आशानगर ईरांस निवासी मोहित सिंह पुत्र अजयपाल सिंह राजपूत काना उर्फ कन्हैयालाल पुत्र लक्ष्मीनारायण कुम्हार निवासी डी ब्लॉक देव छाया थाना सदर, विक्रम उर्फ विक्की पुत्र बाबूलाल दरोगा निवासी सरकारी स्कूल पानी की टंकी के पास बडलियास, राजू पुत्र प्रभूलाल नायक निवासी रावला की गली के पास रूपाहेली थाना सदर और किशन पुत्र रतनलाल रेगर निवासी रेगरां का झोपड़ा करेड को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया गया।
पूछताछ के बाद आरोपित मोहित सिंह से 55 और कान्हा उर्फ कन्हैया लाल से 50 हजार रुपये की बरामदगी और की गई है। यह राशि आरोपितों ने अपने घरों में छिपा रखी थी। बता दें कि इससे पहले पुलिस इसी मामले में एक स्कूटी के साथ ही तीन आरोपितों विक्की उर्फ विक्रम से 30 हजार 100 रुपये, किशन से 30 हजार 550 रुपये व राजू से 29 हजार 240 रुपये की राशि बुधवार को बरामद कर चुकी है । पुलिस अब शेष राशि 2.5 लाख रुपये के लिए आरोपितों से पूछताछ कर रही है।
यह थी थी वारदात
12 जनवरी 2026 की रात करीब 10 बजकर 40 मिनट पर गोल प्याऊ चौराहे के गुटखा व्यापारी नारायण दास पुत्र भगवान दास सिंधी दुकान बंद कर स्कूटी से घर लौट रहा था। जैसे ही वह शास्त्री नगर स्थित अपने घर के सामने पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे चार से पांच युवकों ने अचानक उस पर हमला कर दिया। बदमाशों ने व्यापारी के साथ मारपीट की और स्कूटी की डिक्की में रखे करीब चार लाख रुपये निकाल लिए। इसके बाद आरोपी व्यापारी की स्कूटी भी छीनकर मौके से फरार हो गए।