भीलवाड़ा में भीषण हादसा:: खुशियों के मायरे पर पसरा मातम! आग का गोला बनी स्कार्पियो, दो की मौत, तीन घायल
भीलवाड़ा / फूलियाकलां (प्रकाश तोषनीवाल)। भीलवाड़ा जिले के फूलियाकलां थाना क्षेत्र में बुधवार को एक रोंगटे खड़े कर देने वाली हृदय विदारक घटना सामने आई है। मेगा हाईवे 148 डी पर राज्यास के पास मायरा लेकर जा रहे एक परिवार की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। अचानक सामने आई भैंसों को बचाने के चक्कर में तेज रफ्तार स्कार्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई और देखते ही देखते आग का गोला बन गई। इस भीषण अग्निकांड में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से झुलस गए।
भैंसों को बचाने के प्रयास में यमराज बनी रफ्तार
फूलियाकलां थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह के अनुसार, डिग्गी मालपुरा से पांच लोग स्कार्पियो में सवार होकर गहूंली माताजी गांव में रिश्तेदारी में मायरा (भात) लेकर जा रहे थे। मेगा हाईवे पर राज्यास के पास अचानक मवेशियों का झुंड सामने आ गया। भैंसों को बचाने के प्रयास में चालक ने संतुलन खो दिया और गाड़ी सडक़ से उतरकर पलट गई।
जेसीबी ने बचाई 3 जानें, पर पिता-पुत्र को नहीं बचा सके
हादसे के वक्त पास ही सडक़ निर्माण कार्य चल रहा था। वहां मौजूद जेसीबी चालक ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए तुरंत स्कार्पियो को सीधा किया। ग्रामीणों की मदद से गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाल लिया गया। तीन घायलों डिग्गी मालपुरा निवासी शंकर सिंह पुत्र शिवराज सिंह, विजय सिंह पुत्र छोटूसिंह राजपूत आमली डिग्गी मालपुरा और फूलचंद पुत्र दीपक सांसी 40 को शाहपुरा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं आमली, डिग्गी मालपुरा निवासी कजोड़ सिंह पुत्र कालू सिंह व अजयसिंह पुत्र कजोड़ सिंह की मौत हो गई, जिनके शव मोर्चरी में सुरक्षित रखवाये गये हैं।
शवों देख कांप उठी रूह
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मंजर इतना खौफनाक था कि आग की लपटें कई फीट ऊंची उठ रही थीं। स्कार्पियो पलक झपकते ही लोहे के कंकाल में तब्दील हो गई। सूचना पर पुलिस मोके पर पहुंची।शवों देख लोगो की रूह कांप उठी।
हाईवे पर लगा लंबा जाम
हादसे के बाद मेगा हाईवे 148 डी पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने क्रेन बुलाकर जली हुई गाड़ी को हाईवे से हटवाया और यातायात सुचारू किया। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
