डॉक्टर ब्लैकमेलिंग कांड में अस्पताल के 4 कर्मचारी गिरफ्तार, 90 लाख की मांगी थी फिरौती!
भीलवाड़ा (हलचल)। शहर के पॉश इलाके आरसी व्यास कॉलोनी के प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ. अभिषेक पंवार को अश्लील वीडियो के नाम पर ब्लैकमेल करने के सनसनीखेज मामले का सुभाष नगर थाना पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डॉक्टर के ही निजी अस्पताल में काम करने वाले चार कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया है। इन आरोपियों ने एक खूंखार अपराधी के नाम का इस्तेमाल कर डॉक्टर से 90 लाख रुपये की भारी-भरकम रंगदारी मांगी थी।
'कर्मचारियों' ने ही रचा था चक्रव्यूह
सुभाष नगर थाना प्रभारी कैलाश कुमार विश्नोई ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी जफर, इमरान, अजय और जगदीश डॉक्टर के अस्पताल में ही काम करते थे। इन आरोपियों ने डॉक्टर की दिनचर्या की रेकी की और उनकी निजी जानकारी का इस्तेमाल कर ब्लैकमेलिंग का जाल बुना। आरोपियों ने सोचा था कि किसी बड़े अपराधी का नाम लेने से डॉक्टर डर जाएंगे और मोटी रकम दे देंगे।
7 सेकंड का वीडियो और 'बर्बादी' की धमकी
पीड़ित डॉ. अभिषेक पंवार (44) के अनुसार, यह खेल 9 दिसंबर 2025 से शुरू हुआ था। उनके व्हाट्सएप पर 7 सेकंड का एक संदिग्ध वीडियो भेजकर ऑडियो मैसेज के जरिए धमकाया गया कि "डिमांड पूरी करो वरना नौकरी और पत्नी दोनों हाथ से जाएंगे।" ब्लैकमेलिंग का सिलसिला यहीं नहीं रुका, 17 जनवरी 2026 की रात को आरोपियों ने 'न्यूज' जैसा फर्जी मैसेज बनाकर भेजा और कहा कि इसे वायरल करने में सिर्फ 10 मिनट लगेंगे।
पुलिस का 'क्विक एक्शन': सलाखों के पीछे पहुंचे आरोपी
डॉक्टर की आशंका सही साबित हुई कि साजिश के तार उनके अस्पताल से जुड़े हैं। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीडीआर (CDR) के आधार पर जाल बिछाया और चारों कर्मचारियों को दबोच लिया। पुलिस अब इनसे गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस नेटवर्क में कोई और बाहरी अपराधी भी शामिल है या नहीं।