गुलाबपुरा- सांवरिया सेठ के दर्शन कर लौट रहे परिवार की कार पुलिया से नीचे गिरी, 2 की मौत 4 लोग रास्ते में उतरे, जान बची

Update: 2026-03-01 10:40 GMT


​भीलवाड़ा (हलचल)।  भीलवाड़ा जिले के गुलाबपुरा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-148 पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सांवरिया सेठ के दर्शन कर लौट रहे एक परिवार की कार अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे जा गिरी। इस हृदयविदारक हादसे में एक महिला सहित दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के पांच अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। चमत्कारिक रूप से एक मासूम बच्चा इस दुर्घटना में पूरी तरह सुरक्षित बच गया है।




 


​अनियंत्रित होकर नीचे गिरी कार

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, टोंक जिले के लांबाहरिसिंह निवासी परिवार के सात सदस्य चित्तौड़गढ़ में सांवरिया सेठ के दर्शन करने गए थे। रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे जब वे वापस लौट रहे थे, तभी विजयनगर (अजमेर) के समीप हाईवे पर चालक का कार से नियंत्रण हट गया और वाहन सीधे पुलिया से नीचे जा गिरा। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहगीर मौके पर पहुंचे। एम्बुलेंस की मदद से सभी को तत्काल विजयनगर अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने चालक नौरत और इंदिरा नामक महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य चार घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अजमेर के जेएलएन (JLN) अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

​गोद में बैठा मासूम रहा सुरक्षित

इस भयावह दुर्घटना के बीच एक सुखद खबर यह रही कि परिजनों की गोद में बैठा एक छोटा बच्चा पूरी तरह सुरक्षित है। पुलिस ने मृतकों के शवों को मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचित कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

 4 लोग रास्ते में उतरे, जान बची

परिजनों के अनुसार- हादसे से पहले रास्ते में नोरत के छोटे बेटे कालू और बड़े बेटे कमल के बीच किसी बात पर कहासुनी हो गई थी। इस पर कमल पत्नी पूजा, 2 सालों सुशील और राहुल निवासी मित्रपुरा, जेतपुरा (सवाई माधोपुर) के साथ भीलवाड़ा से पहले ही उतर गए। चारों टेंपो से भीलवाड़ा रेलवे स्टेशन पहुंचे और वहां से ट्रेन पकड़कर किशनगढ़ रवाना हो गए। इस कारण उनकी जान बच गई।

परिवार के अनुसार- मारुति वैन कालू जांगिड़ चला रहा था। मृतक के दोनों बेटे बेंगलुरु में कारपेंटर का काम करते थे। मृतक नोरत की पत्नी ग्यारसी देवी आंखों की परेशानी के कारण यात्रा पर नहीं गई थीं। घटना की जानकारी मिलते ही बेसुध हो गई। मृतकों का सोमवार सुबह अंतिम संस्कार किया जाएगा।

Similar News