कोयला भट्टियों पर फिर चला पीला पंजा:: दो गांवों में 45 अवैध भट्टियां ध्वस्त, हड़कंप

Update: 2026-03-16 14:40 GMT

 भीलवाड़ा BHN. प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से अवैध कोयला खनन और भट्टियों के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को बनेड़ा थाना क्षेत्र के दो गांवों में प्रशासन का 'पीला पंजा' (बुलडोजर) जमकर चला, जिससे अवैध कारोबारियों में अफरा-तफरी मच गई।

तहसीलदार के नेतृत्व में हुई सर्जिकल स्ट्राइक

बनेड़ा तहसीलदार सत्यनारायण के नेतृत्व में राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार सुबह अचानक दबिश दी। यह कार्रवाई क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रूप से संचालित हो रही कोयला भट्टियों की शिकायतों के बाद की गई। बुलडोजर ने देखते ही देखते भट्टियों को जमींदोज कर दिया।

भटेड़ा और निम्बाहेड़ा कलां में बड़ी कार्रवाई

टीमों ने क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों में कार्रवाई को अंजाम दिया:

निम्बाहेड़ा कलां: यहां सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए 35 अवैध कोयला भट्टियों को ध्वस्त किया गया। भटेड़ा गांव में 10 अवैध भट्टियां बुलडोजर की मदद से हटाई गईं। कुल मिलाकर 45 भट्टियों को नष्ट कर प्रशासन ने अवैध गतिविधियों पर कड़ा प्रहार किया है।

पुलिस जाब्ता रहा तैनात

कार्रवाई के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बनेड़ा थाने के एएसआई नौरतमल मय जाब्ता तैनात रहे। मौके पर हल्का पटवारी सहित राजस्व विभाग के अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई के बाद अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोग मौके से फरार हो गए। तहसीलदार ने चेतावनी दी है कि क्षेत्र में कहीं भी अवैध भट्टी संचालन पाया गया, तो सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Similar News

मांडल में मधुमक्खियों का हमला:: दाह-संस्कार के दौरान मची अफरा-तफरी, एक दर्जन लोग घायल

भीलवाड़ा पुलिस की कार्रवाई :: 10 हजार का ईनामी तस्कर और 5 माह से फरार सप्लायर गिरफ्तार