भीलवाड़ा पुलिस की कार्रवाई :: 10 हजार का ईनामी तस्कर और 5 माह से फरार सप्लायर गिरफ्तार
भीलवाड़ा बीएचएन। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह की ओर वांछित अपराधियों और मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत भीलवाड़ा पुलिस ने दो अलग-अलग बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया है। गुलाबपुरा पुलिस ने जहाँ 10 हजार रुपये के ईनामी अपराधी को दबोचा है, वहीं सुभाषनगर पुलिस ने मध्य प्रदेश से एक सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया।
22 क्विंटल डोडा-चूरा तस्करी में वांछित ईनामी गिरफ्तार
गुलाबपुरा थाना पुलिस ने सीमेंट के कट्टों की आड़ में डोडा-चूरा तस्करी करने वाले गिरोह के मुख्य सदस्य को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी, लाभचंद उर्फ लाभू धाकड़ (39), निवासी उमर (बेगूं, चित्तौडगढ़़) का रहने वाला है। गुलाबपुरा थानाधिकारी संजय कुमार की टीम ने मुखबिर और तकनीकी सहयोग से पीछा करते हुए 10,000 रुपये के ईनामी अपराधी लाभचंद को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी ने बताया कि 18 मई 2024 को आसींद पुलिस ने एक ट्रेलर से सीमेंट के कट्टों के नीचे छिपाया गया 22 क्विंटल डोडा-चूरा बरामद किया था। इस मामले में चार आरोपी पहले ही पकड़े जा चुके थे, जबकि लाभचंद फरार चल रहा था। पुलिस अब इससे गिरोह के अन्य नेटवर्क को लेकर पूछताछ कर रही है।
एमपी के मल्हारगढ़ से दबोचा मुख्य सप्लायर
सुभाषनगर थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की सप्लाई चेन पर प्रहार करते हुए 5 माह से फरार चल रहे एक शातिर सप्लायर को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपित कुलवन्त सिंह उर्फ शेरा उर्फ हरेंद्र (49), निवासी फतेहगढ़ साहिब (पंजाब), हाल निवासी मल्हारगढ़ (मन्दसौर, एमपी) का रहने वाला है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी कैलाश कुमार विश्नौई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की। थाना प्रभारी का कहना है कि अक्टूबर 2025 को मंगरोप पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक के गुप्त केबिन से 224.25 किलो डोडा-चूरा बरामद किया था। ट्रक चालक ने पूछताछ में बताया था कि यह माल कुलवन्त सिंह ने सप्लाई किया था। तभी से आरोपी अपनी पहचान बदलकर फरारी काट रहा था। पुलिस अब इन तस्करों से मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त के मुख्य स्रोतों के बारे में अनुसंधान कर रही है।