बड़ी लूट, छत के रास्ते घुसे बदमाश 45 तोला जेवरात और 8 लाख नकद लेकर फरार

Update: 2026-01-24 14:52 GMT

 विदिशा। मध्यप्रदेश में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। विदिशा जिले के गंजबासौदा क्षेत्र के रायखेड़ी गांव में शुक्रवार देर रात ऐसी सनसनीखेज वारदात हुई जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। चार हथियारबंद बदमाश छत के रास्ते घर में घुसे, परिवार को एक कमरे में बंधक बनाया और लाखों की लूट को अंजाम देकर अंधेरे में फरार हो गए।

रात करीब एक बजे बृज बिहारी कुर्मी के घर से कुछ आवाजें आने पर उनकी नींद खुली। जैसे ही वे बाहर निकले, बदमाशों ने उन्हें दबोच लिया। इसके बाद पत्नी और बेटे सत्यम कुर्मी को भी पकड़कर तीनों को एक कमरे में बंद कर दिया गया। घर में दहशत का माहौल बनाते हुए बदमाशों ने अलमारी और संदूक खंगाले और 45 तोला सोना चांदी के जेवरात तथा करीब 8 लाख रुपये नकद समेट लिए।

लूट के बाद बदमाश मौके से भाग निकले। कमरे में बंद महिला ने किसी तरह अपने हाथ खोले और पति व बेटे को मुक्त कराया। इसके बाद पड़ोसियों को सूचना दी गई और पुलिस को बुलाया गया। त्योंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने भी घर की बारीकी से पड़ताल की है ताकि बदमाशों तक पहुंचा जा सके।

पीड़ित परिवार के अनुसार बदमाश चार थे और उनके पास तीन तलवारें और एक कट्टा था। गांव में घटना के बाद भय का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। पुलिस ने जल्द खुलासे का दावा किया है।

Similar News