भीलवाड़ा में रफ्तार का कहर-: अनियंत्रित ट्रैक्टर से गिरकर महिला की मौत, राजीव गांधी ऑडिटोरियम के बाहर हुआ हादसा
भीलवाड़ा।शहर के राजीव गांधी ऑडिटोरियम के बाहर शुक्रवार को एक भीषण सडक़ हादसा सामने आया, जिसमें तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली के असंतुलित होने से उसमें सवार एक महिला की नीचे गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर की गति इतनी तेज थी कि चालक नियंत्रण खो बैठा और यह दर्दनाक हादसा घटित हो गया।
तेज रफ्तार बना काल, मौके पर तोड़ा दम
एंबुलेंस सूत्रों के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली काफी तेज गति से चल रहा था। जैसे ही ट्रैक्टर ऑडिटोरियम के पास पहुंचा, अचानक अनियंत्रित हो गया। झटका लगने के कारण ट्रॉली में बैठी महिला अपना संतुलन नहीं बना पाई और सीधे सडक़ पर जा गिरी। सिर में गंभीर चोट लगने से महिला ने दम तोड़ दिया।
108 एंबुलेंस ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के तुरंत बाद राहगीरों की भीड़ जमा हो गई और सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस पायलट प्रभु प्रजापत और मेल नर्स दीपक शर्मा ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए महिला को महात्मा गांधी जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सुभाषनगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
शव की पहचान, ट्रैक्टर जब्त, चालक डिटेन
पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान बालाजी का खेड़ा, कच्चीबस्ती निवासी कमला 50 पत्नी नानू भील के रूप में कर ली गई। महिला, इसी ट्रैक्टर पर मजदूरी कर रही थी। वहीं ट्रैक्टर को जब्त कर चालक को डिटेन कर लिया गया। चालक से हादसे को लेकर पूछताछ की जा रही है।