भीलवाड़ा में बेखौफ गुंडागर्दी: आजाद नगर में सरेआम चाकूबाजी, पार्क के बाहर किशोर पर हमला, उदयपुर रेफर, हमलावर डिटेन
भीलवाड़ा (हलचल): शहर के प्रताप नगर थाना इलाके में बदमाशों के हौसले सातवें आसमान पर हैं। बुधवार रात आजाद नगर इलाके में सरेराह हुई गुंडागर्दी की वारदात ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी है। एक बेखौफ किशोर ने एक अन्य किशोर पर चाकुओं से हमला कर पुलिस के सुरक्षा दावों की धज्जियां उड़ा दीं। घायल किशोर को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल से उदयपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने हमलावर किशोर को डिटेन कर लिया है।
पार्क के बाहर सरेआम हमला
मिली जानकारी के अनुसार, आजाद नगर निवासी आदर्श (17) पुत्र विनय कुमार बुधवार रात 'डी' सेक्टर स्थित पार्क में गया था। वहां मौजूद एक अन्य किशोर ने मामूली बात को लेकर विवाद किया और अचानक चाकू निकालकर किशोर पर हमला बोल दिया।
खून से लथपथ हुआ किशोर, फैली दहशत
हमलावर ने 17 वर्षीय किशोर के पैर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सरेआम हुई इस गुंडागर्दी को देखकर मौके पर हड़कंप मच गया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर बड़ी आसानी से मौके से फरार हो गया।
अस्पताल में उपचार जारी
लहूलुहान हालत में आदर्श को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसे भर्ती कर उसका प्राथमिक उपचार किया। पैर की नस कट जाने से आदर्श को उदयपुर रेफर कर दिया गया। इस घटना ने आजाद नगर जैसे व्यस्त इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
पुलिस जांच में जुटी
प्रताप नगर थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कर चाकूबाज किशोर को डिटेन कर लिया।
यह बताई वजह
घायल किशोर के प्रताप नगर पुलिस ने बयान दर्ज किए है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित किशोर के भाई की हमले के आरोपी बाल अपचारी के साथ गाली गलोच हो गई थी। इसी बात को लेकर बातचीत केलिए दोनों पक्ष पार्क के बाहर मिले जहां विवाद बढ़ने पर बाल अपचारी ने आदर्श पर चाकू से हमला कर दिया।
चेतावनी: भीलवाड़ा की सड़कों पर बढ़ती यह गुंडागर्दी आम जनता के लिए बड़ा खतरा बन चुकी है। क्या प्रशासन इन बेलगाम हमलावरों पर नकेल कस पाएगा?
