गुटखा व्यापारी के साथ डकैती का मामला-: मुख्यमंत्री आवास योजना के कमरे से 90 हजार रुपये और स्कूटी बरामद
भीलवाड़ा प्रेमकुमार गढ़वाल । गुटखा व्यापारी से डकैती के मामले में कोतवाली पुलिस ने लूटे गये चार लाख रुपये में से ९० हजार रुपये की राशि और स्कूटी बरामद कर ली। पुलिस ने यह बरामदगी तीन आरोपितों की निशानदेही से की है। शेष राशि के लिए आरोपितों से फिल्हाल पूछताछ की जा रही है।
कोतवाली सूत्रों ने बताया कि डकैती के इस मामले में मास्टर माइंड आशानगर ईरांस निवासी मोहित सिंह पुत्र अजयपाल सिंह राजपूत काना उर्फ कन्हैयालाल पुत्र लक्ष्मीनारायण कुम्हार निवासी डी ब्लॉक देव छाया थाना सदर, विक्रम उर्फ विक्की पुत्र बाबूलाल दरोगा निवासी सरकारी स्कूल पानी की टंकी के पास बडलियास, राजू पुत्र प्रभूलाल नायक निवासी रावला की गली के पास रूपाहेली थाना सदर और किशन पुत्र रतनलाल रेगर निवासी रेगरां का झोपड़ा करेड थाना बडलियास को पुलिस ने गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया था।
तीन आरोपितों से 90 हजार व स्कूटी बरामद
पुलिस ने इस मामले में पीडि़त व्यापारी से लूटी गई उसकी स्कूटी मंगलवार को बरामद कर ली। जबकि तीन आरोपितों विक्की उर्फ विक्रम से 30 हजार 100 रुपये, किशन से 30 हजार 550 रुपये व राजू से 29 हजार 240 रुपये की राशि बुधवार को बरामद की गई। तीनों ने यह राशि हरणी महादेव रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास योजना में किराये से ले रखे कमरे में छिपा रखी थी।
शेष राशि की बरामदगी के प्रयास
पुलिस अब इस मामले में3 लाख 90 हजार रुपये की शेष राशि की बरामदगी के प्रयास कर रही है। इसके लिए मास्टर माइंड मोहित सिंह आदि आरोपितों से पुलिस पूछताछ जारी है।
12 जनवरी को हुई थी वारदात
घटना 12 जनवरी 2025 की रात की है। गुटखा व्यापारी नारायण दास पुत्र भगवान दास सिंधी दुकान बंद कर स्कूटी से घर लौट रहा था। जैसे ही वह शास्त्री नगर स्थित अपने घर के सामने पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे चार से पांच युवकों ने अचानक उस पर हमला कर दिया। बदमाशों ने व्यापारी के साथ मारपीट की और स्कूटी की डिक्की में रखे करीब चार लाख रुपये निकाल लिए। इसके बाद आरोपी व्यापारी की स्कूटी भी छीनकर मौके से फरार हो गए।
