छतरपुर(पलामू)। अनुमंडल क्षेत्र के एक गांव की 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा ने छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में एक स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। जन्म के बाद अस्पताल कर्मियों ने तुरंत महिला थाना को सूचना दी।
प्रेम प्रसंग में हुई गर्भावस्था
जानकारी के अनुसार, नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र की यह छात्रा गढ़वा जिले के 16 वर्षीय नाबालिग छात्र के साथ प्रेम संबंध में थी। दोनों के बीच अंतरंग संबंध के कारण छात्रा गर्भवती हो गई। नाबालिग और उसके परिजन को गर्भावस्था की जानकारी नहीं थी।
पेट दर्द से खुला मामला
मामला तब उजागर हुआ जब गुरुवार को छात्रा ने पेट दर्द की शिकायत की। अस्पताल में उसकी उम्र आधार कार्ड से प्रमाणित की गई। चिकित्सकों की देखरेख में उसने सामान्य तरीके से एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया।
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
जन्म के बाद छात्रा के परिजनों ने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने गढ़वा जिले के 16 वर्षीय नाबालिग के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है।