दार्जिलिंग में भूस्खलन से 17 की मौत, सिक्किम से संपर्क टूटा

Update: 2025-10-05 08:06 GMT

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में रविवार को भारी बारिश के बाद भूस्खलन की बड़ी घटना हुई, जिसमें 17 लोगों की मौत हो गई। कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है।



 


लगातार बारिश के कारण मिरिक और सुखिया पोखरी इलाके में भारी भूस्खलन हुआ। मलबे में कई मकान दब गए और दार्जिलिंग का सिक्किम व उत्तर बंगाल के अन्य हिस्सों से सड़क संपर्क टूट गया है। कई प्रमुख मार्गों पर सड़कें अवरुद्ध हैं और इंटरनेट सेवा भी बाधित हो गई है।

दुर्गा पूजा के बाद बड़ी संख्या में पर्यटक दार्जिलिंग पहुंचे थे। प्रशासन ने पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था शुरू कर दी है। सुरक्षा के मद्देनजर गोरखालैंड प्रादेशिक प्रशासन ने टाइगर हिल, रॉक गार्डन सहित सभी पर्यटन स्थलों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है।



 


दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट ने कहा कि भारी बारिश से जनहानि और संपत्ति का बड़ा नुकसान हुआ है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से राहत कार्य तेज करने की अपील की है।

आईएमडी ने उत्तर बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है और सिक्किम के लिए रेड अलर्ट घोषित किया है। मौसम विभाग के अनुसार, 7 अक्तूबर तक बारिश जारी रहने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और पहाड़ी क्षेत्रों में आवाजाही से बचने की सलाह दी है।



 


Tags:    

Similar News