न्यूयॉर्क से नई दिल्ली तक नए साल 2026 का भव्य स्वागत, दुनिया भर में दिखा जश्न का नजारा
दुनिया इस समय नए साल 2026 के स्वागत के उल्लास में डूबी हुई है। न्यूयॉर्क से लेकर नई दिल्ली तक लोगों ने जोश और उमंग के साथ नववर्ष का अभिनंदन किया। भारत सहित कई देशों में आधी रात के साथ ही आसमान रंग बिरंगी आतिशबाजी से जगमगा उठा और सड़कों से लेकर प्रमुख पर्यटन स्थलों तक जश्न का माहौल नजर आया।लोगों ने बीते साल की यादों को पीछे छोड़ते हुए नई उम्मीदों और नए संकल्पों के साथ नए साल की शुरुआत की। देश और दुनिया के अलग अलग हिस्सों से सामने आए वीडियो में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होकर नाच गाने और आतिशबाजी के साथ नए साल का स्वागत करते दिखाई दे रहे हैं। हर तरफ खुशियों की आवाजें और जश्न का रंग देखने को मिला।
भारत के कई पर्यटन स्थलों पर खास रौनक रही। हिमाचल प्रदेश के मनाली में हजारों की संख्या में सैलानी नए साल का स्वागत करने पहुंचे। मॉल रोड पर लोगों ने लाइव म्यूजिक का आनंद लिया और देर रात तक उत्सव का माहौल बना रहा। ठंडी रात के बावजूद पर्यटकों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
देश के बड़े शहरों से लेकर छोटे कस्बों तक नए साल के जश्न की झलक देखने को मिली। आतिशबाजी की रोशनी, संगीत और लोगों की मुस्कान ने यह साफ कर दिया कि दुनिया ने नए साल 2026 का स्वागत पूरे उत्साह और उम्मीद के साथ किया है।