आधी रात को भीषण सडक़ हादसा-: ट्रेलर ने वैन को मारी टक्कर, होटल संचालक सहित दो की मौत, एक गंभीर घायल
भीलवाड़ा BHN. ब्यावर-भीलवाड़ा मार्ग पर बार और बदनौर थानों के बीच बीती देर रात एक ट्रेलर और वैन की भीषण भिड़ंत हो गई। गलत दिशा से आए डस्ट भरे ट्रेलर ने वैन को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वैन पूरी तरह पिचक गई। इस हादसे में वैन सवार होटल संचालक सहित दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
गलत दिशा से काल बनकर आया ट्रेलर
ब्यावर जिले के बार पुलिस स्टेशन के हेडकांस्टेबल प्रवीण कुमार के अनुसार, भीलवाड़ा जिले के कांवलास निवासी परसराम (55) पुत्र बालूदास वैष्णव की शेखावास चौराहे पर होटल है। शुक्रवार रात वे अपने होटलकर्मी सुरेश (29) पुत्र नंदा तेली (निवासी लाछूडा) और एक अन्य युवक कैलाश के साथ वैन से बदनौर की ओर जा रहे थे। रास्ते में बार थाना इलाके में सामने से रॉन्ग साइड से आए ट्रेलर ने वैन को अपनी चपेट में ले लिया।
साढ़े चार घंटे की मशक्कत के बाद निकाला शव
हादसा इतना भयावह था कि वैन में आगे की सीट पर सवार सुरेश तेली ट्रेलर के टायर के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आगे की सीट पर बैठे परसराम और बीच की सीट पर बैठे कैलाश बुरी तरह फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद परसराम और कैलाश को बाहर निकाला, लेकिन तब तक परसराम की सांसें थम चुकी थीं। घायल कैलाश को तुरंत ब्यावर अस्पताल भेजा गया। ट्रेलर के नीचे दबे सुरेश के शव को निकालने के लिए दो लोडर और जेसीबी की मदद ली गई। करीब साढ़े चार घंटे की मेहनत के बाद सुबह साढ़े सात बजे शव को बाहर निकाला जा सका।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, मामला दर्ज
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के गांवों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को राजकीय अस्पताल बार की मोर्चरी पहुंचाया, जहां परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम करवाकर शव उन्हें सौंप दिए गए। पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।