उदयपुर में भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित पिकअप पेड़ से टकराई, मासूम सहित 3 की मौत, 30 घायल
उदयपुर गोगुंदा-झाड़ोल मार्ग पर मजावद के पास शनिवार शाम एक रूहानी मंजर देखने को मिला, जब करीब 40 सवारियों से भरी एक तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर सीधे पेड़ से जा टकराई। इस दर्दनाक हादसे में एक बच्चे सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 बच्चों और 9 महिलाओं समेत कुल 30 लोग घायल हुए हैं।
परखच्चे उड़े, खड्डे में जा गिरे लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार शाम करीब 6:45 बजे पिकअप की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर लगते ही गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। झटके के कारण पिकअप में सवार लोग उछलकर सड़क और पास के खड्डे में जा गिरे। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय ग्रामीण मदद के लिए दौड़े और पुलिस व एंबुलेंस को सूचित किया। डीएसपी गोपाल चंदेल ने बताया कि मृतकों की पहचान लखमाराम पुत्र भुराजी गमेती, नेमीचंद पुत्र नान लाल गमेती और पंकज पुत्र भंवरलाल गमेती के रूप में हुई है। ये तीनों मोडवा गांव के निवासी थे।
नशे में था चालक! खुशियां मातम में बदलीं
हादसे का शिकार हुए सभी लोग मोडवा गांव के एक ही परिवार और रिश्तेदार थे, जो बगडुंदिया में आयोजित एक 'ढूंढ' के कार्यक्रम से लौट रहे थे। घायल महिला ने बताया कि ड्राइवर गाड़ी को बेहद लापरवाही और तेज गति से चला रहा था। आशंका जताई जा रही है कि चालक नशे की हालत में था, जिस कारण वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे पेड़ में जा घुसी।
12 की हालत नाजुक, जिला अस्पताल रेफर
गोगुंदा पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया। घायलों में 13 बच्चे, 9 महिलाएं और 8 पुरुष शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद करीब 12 गंभीर घायलों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें उदयपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा। फोन: 7737741455
