50 लाख की सनसनीखेज चोरी का खुलासा:-: हिस्ट्रीशीटर की बहन को माल समेत दबोचा, मास्टरमाइंड, भांजे सहित फरार
भीलवाड़ा हलचल। शहर के बापूनगर क्षेत्र में पिछले दिनों हुई 50 लाख रुपये की बड़ी चोरी की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। प्रतापनगर पुलिस और जिला स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए वारदात के मास्टरमाइंड की बहन को चोरी के माल के साथ गिरफ्तार कर लिया है। वारदात को कोतवाली थाने के एक हिस्ट्रीशीटर ने अपने नाबालिग भांजे के साथ मिलकर अंजाम दिया था।
घर सूना देख गेट का ताला तोडक़र उड़ाए थे जेवर और नकदी
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने बताया कि 25 फरवरी को बापू नगर निवासी गोपाल लाल सोनी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि वह सपरिवार नोएडा (दिल्ली) गए हुए थे। 24 फरवरी की सुबह अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान का ताला तोडक़र करीब 50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया।
सीसीटीवी और मुखबिर की सूचना से खुला राज
थानाधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल और शहर के विभिन्न मार्गों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस आरोपी की बहन कांता बैरवा (35) पुत्री देवीलाल बैरवा निवासी कावांखेड़ा हाल किरायेदार हनुमान कॉलोनी तक पहुँची। पुलिस ने कांता को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया माल बरामद कर लिया है।
हिस्ट्रीशीटर भाई ने भांजे के साथ की थी वारदात
पूछताछ में सामने आया कि वारदात का मुख्य मास्टरमाइंड कांता का भाई सत्यनारायण उर्फ सत्तू बैरवा है। सत्तू भीलवाड़ा के कोतवाली थाने का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके विरुद्ध चोरी और नकबजनी के दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। इस बार उसने अपने भांजे को भी इस अपराध में शामिल किया। फिलहाल मुख्य आरोपी सत्तू और उसका भांजा फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
सफलता पाने वाली टीम
इस बड़ी वारदात का खुलासा करने वाली टीम में प्रताप नगर थानाधिकारी, सहायक उप निरीक्षक विजय सिंह,डीएसटी के दिलीप सिंह, अनिल कुमार, हरवीर, पवन और सुरेश कुमार और साइबर सेल टीम शामिल रहे।
