भीलवाड़ा में भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद:: पंचवटी में मकान पर दबिश, 18 किलो गांजे के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
भीलवाड़ा बीएचएन। शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) ने शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने पंचवटी ए सेक्टर स्थित एक रिहायशी मकान पर छापा मारकर 18 किलो अवैध गांजा बरामद किया है।
किराए के मकान से चल रहा था नशे का कारोबार
कोतवाली सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि पंचवटी क्षेत्र के एक मकान में भारी मात्रा में नशीला पदार्थ छिपाया गया है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए कोतवाल शिवराज गुर्जर ने अपनी टीम और डीएसटी के साथ पंचवटी ए सेक्टर स्थित उक्त मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस को गांजे से भरे कई पैकेट मिले, जिनका वजन करने पर 18 किलो पाया गया।
आरोपी कैलाश जाट गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से मंगरोप थाने के रूपालिया गांव निवासी कैलाशचंद्र 31पुत्र भीमराज जाट को गिरफ्तार कर लिया । जांच में सामने आया कि आरोपी कैलाशचंद्र ने अभिषेक व्यास का यह मकान किराए पर ले रखा था और यहीं से अवैध रूप से गांजे की सप्लाई और कारोबार संचालित कर रहा था। पुलिस ने अवैध गांजा जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
गांधीनगर थाना प्रभारी करेंगी मामले की जांच
पकड़े गए आरोपी से नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अग्रिम अनुसंधान गांधीनगर थाना प्रभारी पुष्पा कासोटिया को सौंपा गया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि तस्कर यह खेप कहाँ से लाया था और शहर में किन-किन लोगों को इसकी सप्लाई की जानी थी। कार्रवाई को थाना प्रभारी गुर्जर ने सहायक उप निरीक्षक अशोक सोनी, कांस्टेबल महावीर, ताराचंद, घेवरचंद, रमेश चंद चौधरी और मांगीलाल आदि के साथ अंजाम दिया।