“नशा मुक्त भीलवाड़ा 2.0”: पुलिस की बड़ी स्ट्राइक,: अफीम की मनुहार करने और सोशल मीडिया पर नशे का प्रचार करने वाले 38 गिरफ्तार
भीलवाड़ा हलचल। जिले में नशे की जड़ों पर प्रहार करने के लिए जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “नशा मुक्त भीलवाड़ा 2.0” के तहत पुलिस ने शनिवार को चौतरफा कार्रवाई की है। पुलिस ने न केवल सामाजिक सभाओं में अफीम परोसने वालों को दबोचा, बल्कि सोशल मीडिया पर नशे का महिमामंडन करने वाले 33 लोगों को भी सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है।
शोकसभा और मंदिर परिसर में अफीम सेवन पर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक द्वारा गठित विशेष टीमों ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दबिश दी। इस दौरान दो प्रमुख मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
बनेड़ा पुलिस: ग्राम पंचायत बबराणा के भदेरियाश्याम भैरूनाथ मंदिर परिसर में अफीम का सेवन करने पर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
सदर थाना पुलिस: ग्राम धुमड़ास में एक शोकसभा के दौरान अफीम परोसने और सेवन करने पर 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
सोशल मीडिया पर नशे का 'महिमामंडन' पड़ा भारी, 33 गिरफ्तार
पुलिस की सोशल मीडिया सेल उन व्यक्तियों पर पैनी नजर रख रही है जो अफीम सेवन के वीडियो बनाकर प्रसारित कर रहे थे। पुलिस का मानना है कि ऐसे वीडियो आपराधिक गतिविधियों और नशे की प्रवृत्तियों को बढ़ावा देते हैं। इस अभियान के तहत जिलेभर के विभिन्न थानों ने कुल 33 व्यक्तियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की।
शाहपुरा: 17 गिरफ्तार
मांडल: 04 गिरफ्तार
आसींद, बनेड़ा, मंगरोप, सदर: 02-02 गिरफ्तार
हमीरगढ़, मांडलगढ़, पारोली, रायला: 01-01 गिरफ्तार
एसपी की चेतावनी: सामाजिक कुरीतियों और नशे पर रहेगी सख्त नजर
जिला पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि सामाजिक सभाओं में अफीम के सेवन की कुरीति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नशा मुक्त भीलवाड़ा अभियान के तहत अवैध तस्करी और नशे के प्रचार-प्रसार के विरुद्ध यह सख्ती निरंतर जारी रहेगी। पुलिस की इस कार्रवाई से उन लोगों में हड़कंप मच गया है जो पारंपरिक आयोजनों की आड़ में नशीले पदार्थों का उपयोग करते हैं।
