
खंडवा।जावर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पेठिया रैयत में रविवार देर रात भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष फाजिल पटेल के पुत्र की शादी में नाचने के दौरान गोली चलने से एक व्यक्ति घायल हो गया। घटना से शादी समारोह में हड़कंप मच गया। घटना के 24 घंटे बाद भी अभी तक कोई प्रकरण दर्ज नहीं हुआ है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।
गोली जिलाध्यक्ष पटेल के रिश्तेदार पूर्व उपसरपंच फिरोज पुत्र याकूब खान के पैर में लगी है। घायल की हालत खतरे से बाहर है।रात में जिला अस्पताल लाने के बाद घायल का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है घटना की सूचना मिलते ही जावर थाना प्रभारी जीपी वर्मा और डीएसपी अनिल चौहान द्वारा घटना स्थल का जायजा और घायल से चर्चा कर जांच की जा रही है।
मामला गोली चलने का होने से नायब तहसीलदार द्वारा भी घायल के बयान दर्ज किए गए हैं। घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस द्वारा कोई प्रकरण दर्ज नहीं किया गया है।बताया जाता है कि घायल द्वारा इस मामले में किसी प्रकार की कार्रवाई से इंकार किया गया है।