सूदखोर कर रहे थे परेशान: झील में मिली लापता पेटीज शॉप संचालक की लाश

By :  prem kumar
Update: 2024-09-09 07:06 GMT

 भीलवाड़ा बीएचएन। शहर में एमएलवी कॉलेज सर्किल के पास स्थित सोनू पेटीज शॉप के लापता संचालक की लाश सोमवार को मानसरोवर झील में मिली। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के मामा का आरोप है कि सोनू सूदखोरों से परेशान था। उसे जान से मारने की धमकियां मिल रही थी। ऐसे में आशंका है कि उसने इन्हीं धमकियों से परेशान होकर खुदकुशी कर ली।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह आठ बजे लोगों ने मान सरोवर झील में एक व्यक्ति की लाश देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू टीम की मदद से लाश को झील से निकलवाया। यह शव तीन दिन पुराना था। मौके पर एक स्कूटी भी तीन दिन से खड़ी मिली। शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी भिजवा दिया गया। उधर, कोतवाली सर्किल से लापता पेटीज शॉप संचालक सोनू सिंधी की पत्नी सहित अन्य समाजजन मोर्चरी पहुंचे, जिन्होंने शव की पहचान वैभव नगर निवासी ईश्वर उर्फ सोनू खुशलानी 33 के रूप में कर ली।

इस बीच, मोर्चरी पर बड़ी संख्या में सिंधी समाज के लोग जुट गये। इन्हीं में से हरीश मानवानी ने कहा कि सोनू शहर में ही एमएलवी कॉलेज सर्किल क्षेत्र में पेटीज शॉप चलाता था। ईश्वर शुक्रवार सुबह घर से शॉप के लिए निकला था, जो दोपहर ढाई बजे शॉप से निकल गया। इसके बाद 5.40 बजे ईश्वर को उसकी पत्नी गायत्री ने मोबाइल पर कॉल किया तो ईश्वर ने कॉल डिस्कनेक्ट कर दिया। गायत्री ने शॉप पर पता किया तो जानकारी मिली कि वह दोपहर ढाई बजे शॉप से निकल गया था। इसके बाद ईश्वर न तो शॉप पर लौटा न ही घर। इसके चलते शनिवार को गायत्री ने गुमशुदगी की रिपोर्ट कोतवाली थाने में दर्ज करवाई थी। हरीश ने कहा कि सोनू को सूदखोर परेशान कर रहे थे। यहां तक की उसे मारने की धमकियां भी मिल रही थी। ऐसे में आशंका है कि सोनू ने इन्हीं धमकियों से तंग आकर खुदकुशी कर ली।

पति का शव देख, अचेत हो गई पत्नी

मान सरोवर झील में लाश मिलने के बाद पुलिस ने लापता सोनू उर्फ ईश्वर की पत्नी गायत्री सहित समाज के लोगों को मोर्चरी बुलवाया। जहां गायत्री अचेत हो गई। समाज के लोगों व मित्रों ने सोनू की पहचान की।

एक बेटे का पिता था सोनू

हरीश मानवानी का कहना है कि सोनू की सोनू पेटीज शॉप फेमस थी। संचालक सोनू एक बेटे का पिता था। उसका बेटा अभी तीन साल का है। वह, पत्नी और बेटे के साथ वैभव नगर में रह रहा था।

मामा ने पुलिस को दी रिपोर्ट

सोनू उर्फ ईश्वर की मौत को लेकर उसके मामा प्रकाश ने प्रताप नगर थाना पुलिस को रिपोर्ट दी। प्रकाश ने उक्त घटनाक्रम का हवाला देते हुये रिपोर्ट में बताया कि ईश्वर कुछ समय से काफी परेशान था। ईश्वर की पत्नी ने बताया कि उसके पति को कुछ लोग पैसे व ब्याज के कारण परेशान कर रहे थे। इसी से परेशान होकर ईश्वर ने फोन बंद कर लिया। इसके बाद आज उसकी लाश मिली।

Similar News