धौलपुर में यूथ कांग्रेस नेता की पीठ-पीटकर बेरहमी से की हत्या

Update: 2025-03-13 06:30 GMT

धौलपुर ।जिले में यूथ कांग्रेस नेता की पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। पिता की शिकायत पर मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने हमलावरों की तलाश तेज कर दी है। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष समेत पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेताओं ने घटना की निंदा की और बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर प्रदेश सरकार को निशाने पर लिया।

आगरा के अस्पताल में तोड़ा दम

पुलिस के मुताबिक मंगलवार को राजाखेड़ा पंचायत समिति के सामने कुछ लोगों ने युवा कांग्रेस के मीडिया समन्वयक भूपेंद्र सिंह पर घेरकर हमला किया। यूथ कांग्रेस नेता की बेरहमी से पिटाई के बाद सभी आरोपी मौके से भाग निकले। घायल हालत में भूपेंद्र को राजाखेड़ा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जहां उनकी हालत गंभीर होने पर आगरा के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। बुधवार को यहां उनकी मौत हो गई।

अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज

राजाखेड़ा के एसएचओ रामकिशन यादव का कहना है कि पुरानी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया है। करीब तीन-चार लोगों ने भूपेंद्र की पिटाई की। मंगलवार की शाम भूपेंद्र के पिता गजेंद्र सिंह ने कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस की टीमें हमलावरों की तलाश में जुटी हैं। शव को राजाखेड़ा के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी घटना की निंदा की। उन्होंने अपने एक्स पोस्ट पर लिखा, "हमारे कांग्रेस परिवार के साथी युवा नेता भूपेंद्र सिंह राजपूत पर हमला कर उनकी निर्मम हत्या कर दी गई। हिंसा, गुंडागर्दी और हत्या अब पूरे प्रदेश में आम बात हो गई है। प्रदेश की जनता हर दिन बिगड़ती कानून व्यवस्था से असंतुष्ट है।"

पूरी कांग्रेस परिवार के साथ खड़ी: डोटासरा

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और राजाखेड़ा विधायक रोहित बोहरा ने हमले की निंदा की। दोनों नेताओं ने प्रदेश सरकार से आरोपितों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। डोटासरा ने अपने एक्स पोस्ट पर लिखा, "राजस्थान में व्याप्त गुंडागर्दी ने परिवार की इकलौती उम्मीद भूपेंद्र सिंह राजपूत की जान ले ली। मैं इस कायराना हमले की कड़ी निंदा करता हूं।" उन्होंने कहा कि न्याय की लड़ाई में पूरी कांग्रेस पार्टी शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है।बाद

Tags:    

Similar News