शिविर में पति और पत्नि का राजस्व अभिलेखों मे सुधार
भीलवाड़ा। राज्य सरकार एवं जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार उपखंड क्षेत्र बिजौलिया में ग्रामीण सेवा शिविर 2025 का आयोजन प्रभावी रूप से संपन्न हो रहा है।
इस क्रम में ग्राम पंचायत माल का खेड़ा में उपखंड अधिकारी बिजौलिया की अध्यक्षता में आयोजित शिविर के दौरान बालु लाल, निवासी माल का खेड़ा द्वारा अपने तथा अपनी पत्नी के नाम में राजस्व अभिलेखों में सुधार हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया।
प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए शिविर प्रभारी द्वारा तत्काल तहसीलदार बिजौलिया को जांच हेतु निर्देशित किया गया। जांच उपरांत तथ्य सत्यापित होने पर ग्राम धनवाड़ा की खाता संख्या 759 एवं 758 में नाम सुधार किया गया। जिसमें ’’बाबूलाल’’ के स्थान पर ’’बालु लाल’’ तथा ’’दारकी बाई पत्नी बाबूलाल’’ के स्थान पर ’’दाखा बाई पत्नी बालु लाल’’ दर्ज किया गया।
इस त्वरित एवं जनसहज निस्तारण से प्रसन्न होकर बालु लाल ने राज्य सरकार एवं उपखंड प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रशासन की इस संवेदनशील, तत्पर एवं परिणाममुखी कार्यप्रणाली ने न केवल नागरिकों की समस्याओं का प्रभावी समाधान किया, बल्कि ग्रामीण जनमानस में सरकार के प्रति विश्वास और संतोष की भावना को भी सुदृढ़ किया है।