घना कोहरा और कड़ाके की ठंड से, जनजीवन प्रभावित: घरों में बन रहे हे गर्म व्यंजन, चाय, चाट की दुकानों पर भीड़

Update: 2026-01-08 03:17 GMT


भीलवाड़ा हलचल। जिले में पिछले एक सप्ताह से लगातार छाया घना कोहरा आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर रहा है। रोजाना सुबह होते ही कोहरे की मोटी चादर छा जाती है, जो दोपहर तक बनी रहती है। गुरुवार को भी सुबह से ही जिलेभर में घना कोहरा देखने को मिला, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई और लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई।


कोहरे के कारण दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों, व्यापारियों और विद्यार्थियों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। बुधवार को भी दोपहर करीब 12 बजे के बाद कहीं जाकर कोहरा छंटा और सूर्य के दर्शन हुए, लेकिन धूप में अपेक्षित तेजी नहीं आ सकी। कमजोर धूप के चलते दिनभर ठंड का असर बना रहा।

सुबह के समय वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। ग्रामीण क्षेत्रों में कोहरे का असर ज्यादा नजर आया, जहां सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही। नाथद्वारा क्षेत्र में भी घने कोहरे के चलते वाहनों की गति प्रभावित हुई।



शाम होते ही मौसम ने और सख्त रुख अपना लिया। बर्फीली हवाओं के चलने से चार बजे के बाद गलन बढ़ गई। ठंडी हवाओं के कारण खुले स्थानों पर ठिठुरन बढ़ी और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। इसका असर बाजारों पर भी दिखा, जहां शाम के समय रौनक कम नजर आई। तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।



ठंड से बचाव के लिए लोग अलाव और हीटर का सहारा ले रहे हैं। वहीं घरों में दाल बाटी, ढोकले और अन्य ग्रामीण व्यंजनों की खुशबू फैल रही है। बाजारों में चाट पकौड़ी और चाय की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ देखने को मिल रही है।



 


Similar News