पुर BHN. पुर स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में वार्षिकोत्सव समारोह हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में राजस्थानी नृत्य, शास्त्रीय नृत्य, समूह गान सहित अनेक रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। समारोह में क्षेत्रीय पार्षद लाभ शंकर चौबे मुख्य अतिथि रहे जबकि प्रधानाचार्य प्रेम शंकर जोशी ने अध्यक्षता की। एसएमसी अध्यक्ष गोविंद व्यास, विधायक प्रतिनिधि नवरतन पानगढ़िया, एसडीएमसी सदस्य श्रवण सेन, गोपाल टेलर, मुकेश सोनी, महावीर व्यास, योगेश सोनी, निसार मोहम्मद तथा डाइट व्याख्याता अनीता मुंदड़ा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
एसडीएमसी सचिव रामजस रेगर और वरिष्ठ अध्यापक उमेश मेहता ने सभी अतिथियों का तिलक कर उपरना पहनाकर स्वागत किया। शारीरिक शिक्षिका मीना सिंघवी ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर कुश्ती में रजत पदक जीतने वाली छात्रा कविता माली, राष्ट्रीय स्तर पर जूडो प्रतियोगिता में भाग लेने वाली आरती आचार्य और रिंकू गुर्जर तथा राज्य स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सभी कक्षाओं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राएं, बेस्ट स्टूडेंट, सर्वाधिक उपस्थिति, सर्वाधिक अनुशासित और स्वच्छ छात्राओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाली छात्राओं को भी नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता लता परिहार और अध्यापक राजेश कुमार शर्मा ने किया। प्रधानाचार्य प्रेम शंकर जोशी तथा एसएमसी अध्यक्ष गोविंद व्यास ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय के विकास के लिए सभी के सहयोग का आह्वान किया।
समारोह को भव्य बनाने में भावना शर्मा, संगीता व्यास, सावित्री वैष्णव, सपना बलाई, अक्षय बिश्नोई, बैनाथ बैरवा, अनिल चौधरी, चंद्रप्रकाश मौर्य और सीमा सेन का विशेष योगदान रहा।