यूनेस्को के प्लास्टिक छोड़ो अभियान के तहत सवाईपुर स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम

Update: 2026-02-03 13:11 GMT

 भीलवाड़ा  । जिला यूनेस्को एसोसिएशन के तत्वाधान में तथा जवाहर फाउंडेशन के सहयोग से प्लास्टिक छोड़ो प्रकृति से नाता जोड़ो अभियान के तहत कोटड़ी ब्लॉक स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सवाईपुर में सीनियर कक्षाओं के विद्यार्थियों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान छात्र छात्राओं को कपड़े के थैले वितरित किए गए और प्राथमिक कक्षाओं के लिए दरियां भी भेंट की गईं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कोटड़ी ब्लॉक के मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रहे जबकि अध्यक्षता स्टेट फेडरेशन ऑफ यूनेस्को एसोसिएशन इन राजस्थान के प्रदेश संयोजक ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्लास्टिक पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य दोनों के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। इससे प्रदूषण बढ़ता है और लंबे समय में कई बीमारियां भी हो सकती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि कपड़े के थैलों का उपयोग करें, प्लास्टिक मुक्त उत्पादों को अपनाएं और अपने आसपास लोगों को भी जागरूक करें। उन्होंने यह भी कहा कि छोटी आदतें बड़े बदलाव ला सकती हैं और अब समय आ गया है कि स्थायी विकल्पों को अपनाया जाए।

विद्यालय की प्रधानाचार्या ने विद्यार्थियों को प्लास्टिक से होने वाले नुकसान के बारे में विस्तार से बताया और आग्रह किया कि वे अपने परिवार और मित्रों को भी प्लास्टिक छोड़ने के लिए प्रेरित करें।

जिला यूनेस्को एसोसिएशन के अध्यक्ष ने बताया कि यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है और शहर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर कपड़े के बैग वितरित किए जा चुके हैं। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारी, शिक्षकगण और सैकड़ों विद्यार्थी मौजूद रहे।

Similar News