सवाईपुर में प्रधानाचार्यों की मासिक समीक्षा बैठक, सीबीईओ ने दी सख्त हिदायतें

Update: 2026-02-03 13:32 GMT

 सवाईपुर (सांवर वैष्णव)। सवाईपुर ब्लॉक में मंगलवार को ब्लॉक स्तरीय प्रधानाचार्यों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार पारीक ने सभी प्रधानाचार्यों और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विभाग को भेजी जाने वाली सूचनाओं में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी।

सीबीईओ पारीक ने कहा कि जर्जर या असुरक्षित भवनों में विद्यालय संचालन पूरी तरह बंद रखा जाए और आगामी 12 फरवरी से शुरू होने वाली परीक्षाओं की तैयारी समय से पूरी की जाए। उन्होंने परीक्षा में पूरी जिम्मेदारी और सावधानी बरतने, अधिगमस्तर मूल्यांकन परीक्षा, बोर्ड और समान परीक्षाओं में निर्धारित निर्देशों का अक्षरशः पालन करने पर जोर दिया।

बैठक में मिड-डे मील योजना, पालनहार योजना, संपर्क पोर्टल, नकारा सामग्री निस्तारण समेत अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी विद्यालयवार चर्चा की गई और मौके पर ही समस्याओं का समाधान किया गया। आरपी अनील कुमार बांगड़ ने यू-डाइस और ब्लॉक रैंकिंग के तहत सभी पहलुओं को ऑनलाइन अपडेट करने की विस्तृत जानकारी दी। वहीं आरपी सत्यनारायण पटवारी ने एसएनए खाते में जारी राशि का सही और शीघ्र उपयोग सुनिश्चित करने को कहा।

ब्लॉक साक्षरता समन्वयक शांति लाल पोखरना ने साक्षरता सर्वे और विभाग द्वारा जारी राशि के उपयोग की जानकारी दी और सर्वे को शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान प्रधानाचार्य प्रतिष्ठा ठाकुर ने सभी अधिकारियों और प्रधानाचार्यों का स्वागत किया और विद्यालय में किए गए नवाचारों की जानकारी साझा की।

इस बैठक में ब्लॉक क्षेत्र के सभी प्रधानाचार्य उपस्थित रहे और आगामी शिक्षा कार्यों के लिए समन्वय और सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।

Similar News