भीलवाड़ा। विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर महावीर इंटरनेशनल मीरा केंद्र की ओर से नागोरी गार्डन स्थित स्वाध्याय भवन में जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति सतर्क करना और समय रहते जांच व बचाव के उपायों की जानकारी देना रहा।
कार्यशाला में ऋषभ हॉस्पिटल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर विनीता लोढ़ा ने स्तन कैंसर और सर्वाइकल कैंसर के लक्षण, जांच प्रक्रिया और वैक्सीनेशन के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नियमित जांच से बीमारी का शुरुआती चरण में पता चल सकता है जिससे उपचार अधिक प्रभावी होता है। उन्होंने महिलाओं को समय समय पर मैमोग्राफी और पैप स्मीयर टेस्ट कराने की सलाह दी तथा उपस्थित महिलाओं की शंकाओं का समाधान भी किया।
कार्यक्रम में महावीर इंटरनेशनल की उपाध्यक्ष मंजू पोखरना ने स्वागत उद्बोधन दिया। इसके बाद जोन चेयरपर्सन चंद्रा रांका, पूर्व ट्रस्टी बलवीर चोरड़िया, चाइल्ड सब कोर्डिनेटर दीपा सिसोदिया, अध्यक्ष विमला रांका और सचिव सुमन अग्रवाल ने डॉक्टर लोढ़ा का शॉल व ऊपरना पहनाकर सम्मान किया। कोषाध्यक्ष सुधा बूलिया ने बताया कि शहर के विभिन्न वीरा केंद्रों की अनेक सदस्याएं इस अवसर पर मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन और आभार प्रदर्शन अध्यक्ष विमला रांका ने किया।