सोने चांदी के बढ़ते भाव के बीच चोरी की आशंका, कोटड़ी पुलिस ने जारी की सुरक्षा एडवायजरी

Update: 2026-02-03 14:55 GMT

 सवाईपुर सांवर वैष्णव। सोने और चांदी की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के बाद चोरों की नजर अब आभूषणों पर टिक गई है। संभावित चोरी की घटनाओं को देखते हुए कोटड़ी थाना पुलिस अलर्ट मोड पर है। थानाधिकारी महावीर प्रसाद ने क्षेत्रवासियों और व्यापारियों के लिए विशेष सुरक्षा एडवायजरी जारी कर सतर्क रहने की अपील की है।

थानाधिकारी ने व्यापारियों से आग्रह किया है कि वे रात के समय दुकानों में सोने चांदी के जेवरात न छोड़ें और कीमती सामान सुरक्षित रूप से अपने साथ घर ले जाएं। उन्होंने कहा कि मूल्य बढ़ने के कारण चोरी का खतरा भी बढ़ गया है, इसलिए अतिरिक्त सावधानी जरूरी है।

आमजन के लिए जारी सलाह में पुलिस ने कहा कि जिस कमरे में जेवरात या कीमती सामान रखा हो उसे गोपनीय रखें और परिवार के सदस्य वहीं सोएं। घर से बाहर जाने की स्थिति में मकान सूना न छोड़ें और पड़ोसियों को सूचना देकर जाएं। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि नजर आने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने को कहा गया है।

थानाधिकारी महावीर प्रसाद ने बताया कि क्षेत्र में गश्त, नाकाबंदी और निगरानी बढ़ा दी गई है। अपराध पर नियंत्रण के लिए जनता का सहयोग जरूरी है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

Similar News