भीलवाड़ा । भारत विकास परिषद के उत्तर पश्चिम क्षेत्र ने सेवा, संगठन विस्तार और सामाजिक अभियानों के क्षेत्र में नया इतिहास रचते हुए देश भर में अपनी श्रेष्ठता साबित की है। क्षेत्रीय अध्यक्ष अरविंद गोयल की अध्यक्षता में आयोजित वर्चुअल धन्यवाद एवं आभार बैठक में वर्ष 2025 26 की उपलब्धियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया। बैठक में बताया गया कि उत्तर पश्चिम क्षेत्र सदस्यता वृद्धि में पूरे भारत में सबसे आगे रहा है और सेवा कार्यों में भी उसने नए रिकॉर्ड कायम किए हैं।
सदस्यता और संगठन विस्तार में शीर्ष पर क्षेत्र
क्षेत्रीय महासचिव सीए संदीप बाल्दी ने वार्षिक रिपोर्ट पेश करते हुए बताया कि इस सत्र में क्षेत्र की कुल सदस्यता बढ़कर 16845 तक पहुंच गई है, जो दस प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि है और देश के सभी क्षेत्रों में सर्वाधिक है। संगठन विस्तार के अंतर्गत 15 नई शाखाओं का गठन किया गया। समर्पण के क्षेत्र में भी उत्तर पश्चिम क्षेत्र अग्रणी रहा, जहां पूरे देश में सर्वाधिक 33 विकास रत्न और 197 विकास मित्र बनाए गए।
सेवा कार्यों में बने ऐतिहासिक रिकॉर्ड
बैठक में सेवा गतिविधियों के आंकड़ों ने सभी को प्रभावित किया। एक ही दिन में 175490 महिलाओं और बालिकाओं की हीमोग्लोबिन जांच कर विश्व रिकॉर्ड बनाया गया। सिकल सेल एनीमिया के लिए 41 विशेष शिविर आयोजित किए गए। रक्त सेतु मोबाइल ऐप के माध्यम से 15627 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। इसके साथ ही 72 नेत्रदान और 2 देहदान के संकल्प पूरे हुए।
भारत को जानो प्रतियोगिता में तकनीक के प्रयोग से 4 लाख 58 हजार से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित की गई। 328 स्थायी सेवा प्रोजेक्ट्स के जरिए 60 करोड़ रुपये से अधिक के सेवा कार्य संचालित किए जा रहे हैं।
युवा शक्ति और संस्कार निर्माण पर रहेगा फोकस
आगामी सत्र की योजनाओं पर चर्चा करते हुए क्षेत्रीय संगठन सचिव अशोक मित्तल सहित अन्य पदाधिकारियों ने संपर्क अभियान के अंतर्गत थिंक टैंक गठित करने और अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया। महिलाओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण, कुटुंब प्रबोधन और प्लास्टिक मुक्त अभियान जैसे नवाचारों को और व्यापक रूप देने पर सहमति बनी।
संरक्षक ब्रिगेडियर एन एम सिंघवी ने कार्यकर्ताओं को मैं और मेरा छोड़कर हम और हमारा के भाव से राष्ट्र सेवा में जुटने का मंत्र दिया। अध्यक्ष अरविंद गोयल ने कहा कि परिषद के कार्यकर्ता सेवा और संस्कार के माध्यम से समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी ऊर्जा लगाएंगे। बैठक में क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव डॉ शिवदयाल मंगल, कमल सुरेखा सहित उत्तर पश्चिम क्षेत्र के 65 प्रमुख दायित्वधारी मौजूद रहे।
