भीलवाड़ा BHN. महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, पुर (अंग्रेजी माध्यम) में मातृ-पितृ पूजन दिवस के अवसर पर भावनात्मक और प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय की बालिकाओं ने अपने माता-पिता को मतदान करने की प्रार्थना के साथ भावुक पातियां लिखीं और उन्हें जीवनभर सम्मान देने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम एसडीएमसी के तत्वावधान में विधायक प्रतिनिधि नवरतन पानगड़िया, सत्यनारायण जोशी एवं एसएमसी अध्यक्ष गोविंद व्यास के मुख्य आतिथ्य तथा प्रधानाचार्य प्रेम शंकर जोशी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर 89 बालिकाओं को नि:शुल्क साइकिलें वितरित की गईं। साइकिल वितरण प्रभारी भावना शर्मा और शारीरिक शिक्षक मीना सिंघवी के निर्देशन में साइकिलों को गुब्बारों से सजाया गया। बालिकाओं को तिलक लगाकर सम्मानपूर्वक साइकिलें प्रदान की गईं। साथ ही माता-पिता को लिखी गई तीन सर्वश्रेष्ठ पातियां लिखने वाली छात्राओं को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
अतिथियों ने अपने संबोधन में बालिकाओं को माता-पिता का सम्मान करने, शिक्षा के महत्व को समझने और साइकिलों का अधिकतम उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता लता परिहार एवं अध्यापक राजेश कुमार शर्मा ने किया। इस अवसर पर 11 बालिकाओं ने विद्यालय परिसर में सार्वजनिक रूप से अपने माता-पिता का पूजन कर उनका सम्मान किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कुलदीप सिंह, संगीता व्यास, अनिल चौधरी, उमेश मेहता, सपना बलाई, बैनाथ बेरवा, अक्षय विश्नोई, घीसीबाई और सुनीता बाई का विशेष सहयोग रहा।
