द्वारकाधीश मंदिर में फागोत्सव: महिलाओं ने फूलों से खेली होली, राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकी ने मोहा मन
हमीरगढ़ (राजाराम वैष्णव) | नगरपालिका हमीरगढ़ के सदर बाजार स्थित श्री द्वारकाधीश मंदिर परिसर में मंगलवार को फागोत्सव का भव्य और भक्तिमय आयोजन किया गया। मंदिर परिसर में आयोजित इस उत्सव में भक्ति, रंग और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला, जहाँ महिलाओं ने श्रद्धाभाव के साथ फूलों की होली खेली।
फाग गीतों पर झूमी महिलाएं, गुलाल से महका परिसर
उत्सव के दौरान हमीरगढ़ और आसपास के क्षेत्रों से आई महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। महिलाओं ने पारंपरिक फाग गीत गाए और ढोलक की थाप पर झूमते हुए भगवान के प्रति अपनी अटूट आस्था प्रकट की। वातावरण उस समय पूरी तरह भक्तिमय हो गया जब महिलाओं ने एक-दूसरे पर गुलाल और फूलों की वर्षा कर होली का आनंद लिया।
राधा-कृष्ण की सजी मनमोहक झांकी
फागोत्सव के केंद्र में भगवान राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकी रही। राधा-कृष्ण के स्वरूप में सजे कलाकारों का उपस्थित महिलाओं ने दुपट्टा ओढ़ाकर भावभीना स्वागत किया। झांकी के सम्मुख भजन-कीर्तन का दौर चला, जिसमें महिलाएं भक्ति के रंग में सराबोर नजर आईं।
साध्वी देव गिरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद
इस विशेष धार्मिक आयोजन में छो बावड़ी सगसजी की साध्वी देव गिरी भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उनके सानिध्य में महिलाओं ने फाग की मस्ती और भक्ति का आनंद लिया। कार्यक्रम के अंत में भगवान द्वारकाधीश की आरती की गई और प्रसाद वितरण हुआ। उत्सव के दौरान पूरा सदर बाजार क्षेत्र भक्ति के गीतों से गुंजायमान रहा।