बैंक से नकदी निकालकर जा रहे ग्रामीण के 50 हजार पार

Update: 2026-03-17 12:02 GMT

 गंगापुर | कस्बे में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बैंक से नकदी निकालकर खरीदारी करने रुके एक ग्रामीण की मोटरसाइकिल से नकदी पार कर भाग रहे एक बालक को स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

गमछे में लपेटकर बैग में रखी थी नकदी

जानकारी के अनुसार, ग्रामीण रामलाल बैरवा बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा से 50 हजार रुपये की नकदी निकालकर लाए थे। उन्होंने सुरक्षा के लिहाज से नकदी को एक गमछे में लपेटकर अपनी मोटरसाइकिल के साइड बैग में रख दिया। इसके बाद रामलाल सहाड़ा चौपाटी स्थित एक दुकान पर कुछ सामान खरीदने के लिए रुके और बाइक बाहर खड़ी कर दी।

अग्रसेन भवन के पास दबोचा गया बालक

रामलाल जब खरीदारी में व्यस्त थे, तभी एक बालक वहां पहुँचा और मौका पाकर बाइक के बैग से नकदी भरा गमछा निकालकर भागने लगा। बालक को नकदी पार करते देख आसपास के लोग सतर्क हो गए और शोर मचाते हुए उसका पीछा करना शुरू किया। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद लोगों ने उसे अग्रसेन भवन के पास धर दबोचा।

पुलिस ले गई साथ 

घटना की सूचना मिलते ही गंगापुर थाना पुलिस मौके पर पहुँची और बालक को अपने साथ ले गई। पुलिस अब पकड़े गए बालक से पूछताछ कर रही है कि इस चोरी के पीछे कोई संगठित गिरोह तो शामिल नहीं है। पुलिस ने बरामद नकदी को फिलहाल अपने कब्जे में लिया है। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। 

Similar News