नखराली गणगौर इवेंट में बिखरी राजस्थानी संस्कृति की छटा: रावणा राजपूत मातृशक्ति और एडवोकेट स्नेह परिवार ने मनाया उत्सव
भीलवाड़ा (बीएचएन)। शहर के महेश स्कूल स्थित महेश वाटिका में बुधवार को रावणा राजपूत मातृशक्ति संगठन और एडवोकेट स्नेह परिवार के संयुक्त तत्वावधान में 'नखराली गणगौर' इवेंट का भव्य आयोजन किया गया। गणगौर महोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में मातृशक्ति ने पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में सज-धजकर अपनी संस्कृति और लोक परंपराओं का अनूठा प्रदर्शन किया।
ईसर-गणगौर की सवारी के साथ हुआ आगाज
एडवोकेट स्नेह परिवार की कार्यक्रम संयोजक वंदना चोखड़ा ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत ईसर जी और गणगौर माता की सवारी के साथ हुई। उपस्थित मातृशक्ति द्वारा विधि-विधान से गीत गाते हुए सवारी को आयोजन हॉल तक लाया गया। इसके पश्चात विशिष्ट अतिथि श्रीमती भगवती शर्मा, मनोरमा बारू, सुनीता कंवर राठौड़, आरती कंवर शेखावत और मुख्य अतिथि वंदना आमेटा, राजेश्वरी शर्मा, अनीता व्यास, वनिता कंवर पंवार व चंदा कंवर गहलोत ने ईसर-गणगौर की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। आयोजन में पहुंची महिलाओं का मान्यता कँवर गौड़, नीलम कंवर सोलंकी, मोहिनी कँवर व यशस्वी कँवर द्वारा तिलक लगाकर और लच्छा बांधकर स्वागत किया गया।
रेम्प वॉक में दिखा उत्साह, खुशबू और पूजा बनीं 'मिस गणगौर'
रावणा राजपूत मातृशक्ति संगठन की संस्थापक निशा कँवर गौड़ ने बताया कि इवेंट में नन्ही बच्चियों से लेकर महिलाओं तक के लिए रेम्प वॉक आयोजित किया गया। प्रतियोगिताओं के परिणामों में 3 से 10 साल और 10 से 18 साल तक की विजयी बच्चियों को गिफ्ट देकर सम्मानित किया गया, वहीं पूजा कँवर 'मिस गणगौर' और सूर्यांशी कँवर पंवार 'मिसेज गणगौर' चुनी गईं। इसी तरह एडवोकेट स्नेह परिवार की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में एडवोकेट खुशबू 'मिस गणगौर' और एडवोकेट पूजा सुवालका 'मिसेज गणगौर' बनीं। इन सभी विजेताओं को 'नखराली गणगौर' खिताब के साथ मोमेंटो, ऊपरना और क्राउन पहनाकर सम्मानित किया गया।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाओं का सम्मान
उत्सव के दौरान आयोजित अन्य प्रतियोगिताओं में भी महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। एडवोकेट स्नेह परिवार की ओर से बेस्ट ड्रेस में भगवती कोली, बेस्ट गेटअप में श्वेता माहेश्वरी, बेस्ट श्रृंगार में अनीता व्यास, सुनीता सुवालका व पूजा लोदवाल और बेस्ट दोहा में निशा चंदेल विजेता रहीं। वहीं, रावणा राजपूत मातृशक्ति संगठन की ओर से बेस्ट चूड़ा प्रतियोगिता में हेमलता कंवर नरूका तथा बेस्ट फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी में मान्यता कँवर गौड़ विजयी रहीं। कार्यक्रम को सफल बनाने में सुनीता कँवर राठौड़, नीलम कँवर सोलंकी, वनिता कँवर पंवार, सीमा कँवर, मोहिनी कँवर, सोनू कँवर, मीनू कँवर सहित एडवोकेट स्नेह परिवार की ममता दाधीच और संध्या चतुर्वेदी का विशेष सहयोग रहा।