सवाईपुर में निकली प्रवेशोत्सव रैली व विद्यार्थियों का विजय जुलूस, ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया
सवाईपुर (सांवर वैष्णव) | शिक्षा विभाग द्वारा 1 अप्रैल से शुरू किए गए नए शैक्षणिक सत्र के तहत सरकारी विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को सवाईपुर कस्बे में भव्य प्रवेशोत्सव रैली एवं मेधावी छात्र-छात्राओं का विजय जुलूस निकाला गया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सवाईपुर के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर आत्मीय स्वागत किया।
गांव की गलियों में गूंजे 'स्कूल चलो' के नारे
विजय जुलूस और रैली विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर तेजाजी चौक, तेली मोहल्ला, बड़ा मंदिर, ब्राह्मणों का मोहल्ला, गाड़री मोहल्ला और मुख्य बस स्टैंड होते हुए पुनः विद्यालय पहुंची। रैली के दौरान विद्यार्थी और शिक्षक 'चलो रे चलो, सरकारी स्कूल चलो' जैसे नारों और डीजे की धुन पर ग्रामीणों को जागरूक करते नजर आए। प्रधानाचार्या डॉ. प्रतिष्ठा ठाकुर ने बताया कि शिक्षा मंत्री मदन दिलावर एवं विभाग के निर्देशानुसार नामांकन बढ़ाने के लिए घर-घर सर्वे भी किया जा रहा है।
प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का हुआ बहुमान
रैली के साथ ही बोर्ड परीक्षाओं में विद्यालय का नाम रोशन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं का विजय जुलूस निकाला गया। 10वीं बोर्ड के टॉपर दीपिका कंवर राठौड़, मैना कुमारी जाट, रोहिन श्रोत्रिय, आयुष श्रोत्रिय, राधा जाट, हिमांशु बेरवा और 12वीं बोर्ड के टॉपर सुनीता जाट, राहुल प्रजापत, सपना तेली, कोमल सुथार, हर्षिता साहू, सूर्यवीर सिंह, कमलेश जाट व दिव्यांशी सुथार का साफा बांधकर व माला पहनाकर स्वागत किया गया।
ग्रामीणों ने की विद्यालय स्टाफ की प्रशंसा
प्रवेशोत्सव और विजय जुलूस के दौरान पूर्व सरपंच अमरचंद गाड़री, समाजसेवी शांतिलाल आचार्य, श्याम सुंदर श्रोत्रिय, रामकुमार जाट, राकेश श्रोत्रिय, मिट्ठू लाल प्रजापत सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने प्रधानाचार्या डॉ. प्रतिष्ठा ठाकुर एवं विद्यालय स्टाफ की कार्यप्रणाली की सराहना की और बच्चों को सरकारी विद्यालय में प्रवेश दिलाने का संकल्प लिया।