प्रतिभावान छात्राओं का सम्मान: बोर्ड परीक्षा में रहा शत-प्रतिशत परिणाम
भीलवाड़ा | महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय पुर में गुरुवार को 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभावान छात्राओं का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय की 12वीं बोर्ड परीक्षा में शामिल सभी 35 छात्राएं उत्तीर्ण रहीं, जिनमें से 25 प्रथम और 9 द्वितीय श्रेणी से पास हुईं, जिससे विद्यालय का परिणाम शत-प्रतिशत रहा।
लक्ष्मी मीणा ने लहराया सफलता का परचम
छात्रा लक्ष्मी मीणा ने 92% अंक प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। इसी प्रकार निर्मला माली ने 86% और कंचन राजोरा ने 84% अंक प्राप्त किए। 10वीं बोर्ड में अस्तुति ने 86%, गायत्री सुथार ने 82% और प्रियांशी तंबोली ने 78% अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। विद्यालय की आठ छात्राओं ने 80% से अधिक अंक प्राप्त किए हैं।
तिलक लगाकर और उपहार भेंट कर किया सम्मानित
प्रधानाचार्य प्रेम शंकर जोशी की अध्यक्षता एवं एसडीएमसी विधायक प्रतिनिधि नवरतन मल पानगड़िया के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं का अभिनंदन किया गया। शारीरिक शिक्षक मीना सिंघवी, व्याख्याता लता परिहार और भावना शर्मा ने मेधावी बालिकाओं को तिलक लगाकर, ऊपरना पहनाकर और स्मृति चिह्न के रूप में टिफिन व पानी की बोतल भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर सावित्री वैष्णव, संगीता व्यास, सपना बलाई, राजेश कुमार शर्मा, अनिल कुमार जाट, कुलदीप सिंह, बैनाथ बैरवा, अक्षय विश्नोई, सीमा सेन सहित विद्यालय की समस्त छात्राएं और स्टाफ मौजूद रहे।