भीत के बालाजी मंदिर में हुआ भव्य सुंदरकांड पाठ, उमड़े श्रद्धालु

Update: 2026-04-02 14:04 GMT

 भीलवाड़ा । शहर के मंगला चौक स्थित भीत स्थित बालाजी मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। जब यहां हनुमान जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। यह आयोजन भीत स्थित बालाजी नवयुवक मंडल, भीलवाड़ा के तत्वावधान में हुआ। इस दौरान मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी, ताजे फूलों की मालाओं और गुब्बारों से सजाया गया था। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत हनुमान जी की स्तुति और सुंदरकांड के सस्वर पाठ के साथ हुई। जिसके बाद विद्वान पंडितों द्वारा सुंदरकांड का सामूहिक पाठ किया गया। आयोजन के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने सुंदरकांड के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसका नियमित पाठ करने से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आती है तथा सभी संकटों का निवारण होता है। कार्यक्रम के अंत में आरती और प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। आयोजन को सफल बनाने में मंदिर समिति और स्थानीय लोगों का विशेष सहयोग रहा। वही गुरूवार को हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में बाबा का भव्य अभिषेक कर विशेष चोला चढ़ाया गया। चांदी के वर्क और फूलों से किए गए श्रृंगार के दर्शन के लिए देर रात तक भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिर परिसर पूरे समय जय श्री राम और हनुमान जी के जयकारों से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ सुबह से ही मंदिर में उमड़ पड़ी, जिसमें महिलाओं, पुरुषों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। भजन-कीर्तन और धार्मिक वातावरण ने सभी को भाव-विभोर कर दिया। 

Similar News