पिपलेश्वर महादेव मंदिर में गूंजा हनुमान चालीसा का स्वर
भीलवाड़ा। भारत विकास परिषद वीर शिवाजी शाखा द्वारा पिपलेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धा और भक्ति के साथ हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सात बार सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।
कार्यक्रम के दौरान राम स्तुति का भी भावपूर्ण गायन किया गया, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं को भक्ति भाव से ओत-प्रोत कर दिया। इसके पश्चात विधिवत आरती कर भगवान का पूजन किया गया तथा प्रसाद का वितरण किया गया।
कार्यक्रम प्रभारी टोनी गाड़ियां ने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा लोगों में संस्कार और एकता की भावना मजबूत होती है। उन्होंने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की बात कही।
शाखा के सभी सदस्यों ने इस धार्मिक आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लिया और कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।