भारत विकास परिषद की सात शाखाओं का सामूहिक दायित्व ग्रहण समारोह संपन्न, नई टीम ने ली सेवा की शपथ

By :  vijay
Update: 2026-04-05 12:30 GMT


भीलवाड़ा। भारत विकास परिषद की शहर में कार्यरत सभी सात शाखाओं का 'सामूहिक दायित्व ग्रहण' समारोह रविवार को कोटा रोड स्थित माहेश्वरी भवन में भव्यता के साथ संपन्न हुआ। समारोह में शहर की विवेकानंद, प्रताप, सुभाष, आजाद, वीर शिवाजी, मीरा और भगत सिंह शाखा के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने एक साथ अपने सेवा संकल्प की शपथ ली।

समारोह की अध्यक्षता प्रांतीय अध्यक्ष राधेश्याम सोमाणी ने की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं रीजनल संयोजक (संपर्क) कमल किशोर व्यास ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को दायित्व बोध कराते हुए पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। विशिष्ट अतिथि के रूप में पी.एम. बेसवाल उपस्थित रहे। नगर समन्वयक रजनीकांत आचार्य एवं श्याम कुमावत ने बताया कि समारोह के दौरान विवेकानंद शाखा से अध्यक्ष गिरीश अग्रवाल, सचिव के.जी. सोनी व कोषाध्यक्ष आदित्य मानसिंहका ने पदभार संभाला। प्रताप शाखा से अध्यक्ष पंकज लोहिया, सचिव कैलाश शर्मा एवं कोषाध्यक्ष सुरेश रावल ने शपथ ग्रहण की।

इसी प्रकार सुभाष शाखा की कमान अध्यक्ष आभा मिश्रा, सचिव सतीश बोहरा व कोषाध्यक्ष हरिप्रसाद राठी को सौंपी गई। वीर शिवाजी शाखा से अध्यक्ष कमलेश बडाना, सचिव पंकज अग्रवाल व कोषाध्यक्ष दीपक चोरड़िया ने दायित्व ग्रहण किया। मीरा शाखा से स्नेहलता तोष्णीवाल, भगत शाखा से कुलदीप माथुर और आजाद शाखा से अध्यक्ष विनीत शर्मा व सचिव मुकेश छीपा ने अपने-अपने दायित्वों के निर्वहन का संकल्प लिया। प्रांतीय अध्यक्ष सोमाणी ने अपने संबोधन में कहा कि परिषद संस्कार और सेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में जुटी है। नई टीम के आने से भीलवाड़ा में सेवा कार्यों को नई ऊर्जा मिलेगी। इस दौरान केंद्रीय, क्षेत्रीय एवं प्रांतीय स्तर के वरिष्ठ दायित्वधारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने नई टीम का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम के अंत में नगर समन्वयक श्याम कुमावत ने सभी का आभार व्यक्त किया।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें: समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455) विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129 संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455

Similar News