आचार्य चाणक्य लॉ कॉलेज में हुआ ओरिएंटेशन प्रोग्राम का आयोजन
भीलवाड़ा। आचार्य चाणक्य लॉ कॉलेज में बुधवार को ओरिएंटेशन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान निदेशक दीपक शर्मा व वरिष्ठ अधिवक्ता प्रह्लाद राय व्यास ने दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया। महाविद्यालय परिवार की ओर से बीए एलएलबी एवं एलएलबी प्रथम सेमेस्टर में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का कुमकुम लगाकर, रोली बांधकर माल्यार्पण द्वारा स्वागत किया।
प्राचार्य गौरांग महापात्रा ने नवप्रवेशित छात्रों को संबोधित करते हुए कानून के क्षेत्र में उपलब्ध अपार संभावनाओं की ओर छात्रों का ध्यान आकर्षित किया। वरिष्ठ अधिवक्ता प्रह्लाद राय व्यास ने छात्रों को संबोधित करते हुए बताया कि न्यायपूर्ण समाज की रचना हेतु विधि महाविद्यालयों की अहम भूमिका है। परन्तु महाविद्यालय के साथ छात्रों की कड़ी मेहनत और समर्पण से ही विधि क्षेत्र में सफलता प्राप्त की जा सकती है।
संस्थान निदेशक दीपक शर्मा ने स्वागत भाषण दिया एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बताया कि विद्यालय से महाविद्यालय का नया-सफर, निरंतर अनुशासन, नैतिक आचरण व स्वप्रेरणा जैसे गुणों से ही सफल बनाया जा सकता है। कानून के पेशे में सफलता प्राप्त करने के लिए खूब अध्ययन करने के महत्व को समझाया। ओरिएंटेशन सेशन में 100 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लेते हुए उपस्थित वक्ताओं से कानून के क्षेत्र में बेहतर भविष्य कैसे बनें आदि विषयों पर विभिन्न प्रश्न पूछें । सहायक आचार्य अभिलाषा ने महाविद्यालय की विशेषताओं, कोर्स संरचना, शैक्षणिक नियमों और उपलब्धियों को पी.पी.टी. के माध्यम से नवप्रवेशित छात्रों के साथ साझा किया। सागर पटेल ने लैक्चर थिएटर में प्रोजेक्टर के माध्यम से बी.ए. एल.एल.बी. के छात्रों को डॉ भीमराव अंबेडकर विधि विश्वविद्यालय के कोर्स फ्रेमवर्क एवं सेमेस्टर प्रणाली से अवगत कराया। प्रतीक्षा जैन ने आगंतुक छात्रों का स्वागत कर महाविद्यालय का संक्षिप्त परिचय दिया। कार्यक्रम के अंत में शोभना वर्मा ने उपस्थित अतिथियों का महाविद्यालय परिवार की ओर से धन्यवाद ज्ञापित किया। संचालन अभिलाषा तिवारी व सरस्वती वंदना कमलेश पारीक ने की। इस कार्यक्रम में डॉ. आकांक्षा शर्मा, नेहा बोत्रा, सुनंदा विश्नोई, रूपेश चन्द्र माधव, संतोष कुमार, कुश रोशन, दिनेश जोशी, संतोष शर्मा, सुशीला मीणा आदि उपस्थित थे।