करवा चौथ पर सेवा भारती ने लगाया मेहंदी प्रकल्प, महिलाओं को मिला रोजगार का अवसर
भीलवाड़ा (अंकुर सनाढय)। करवा चौथ के पावन अवसर पर सेवा भारती द्वारा आजाद चौक में महिलाओं के लिए विशेष मेहंदी प्रकल्प का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल महिलाओं के हाथों को करवा चौथ के अवसर पर सजाना था, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रोत्साहित करना भी था। करवा चौथ का पर्व 10 अक्टूबर को मनाया जाएगा।
इस अवसर पर सेवा भारती की बहनों ने विभिन्न प्रकार की सुंदर और पारंपरिक मेहंदी डिजाइनों से महिलाओं के हाथों को सजाया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं और सभी ने इस आयोजन की सराहना की। आयोजन के दौरान महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करते हुए, सेवा भारती ने इस प्रकल्प को महिलाओं के आत्मसम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण से जोड़ा।
सेवा भारती के पदाधिकारियों ने बताया कि ऐसे कार्यक्रम भविष्य में भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक महिलाएं लाभान्वित हो सकें। आयोजन का समापन हर्षोल्लास के साथ हुआ और सभी ने एक-दूसरे को करवा चौथ की शुभकामनाएं दीं।