डंपर और इको कार भिड़ंत में एक ओर घायल ने दम तोड़ा, मृतकों की संख्या हुई चार
भीलवाड़ा। भीलवाड़ा लाडपुरा मेगा हाईवे पर बीगोद क्षेत्र में गुरुवार सुबह दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। यश पावन तीर्थ धाम के सामने तेज गति से आ रहे डंपर और इको कार की आमने सामने की भिड़ंत में चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं। हादसे में एक तीन वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इको कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कारोई निवासी नारायण उम्र 30 वर्ष पुत्र बरदू धोबी की मौके पर ही मौत हो गई। इसके साथ ही मेजा निवासी आठ माह के कुशवंत पुत्र भागचंद धोबी और कार चालक भानु प्रताप सिंह उम्र 22 वर्ष पुत्र भंवर सिंह ने भी दम तोड़ दिया। नारायण और कुशवंत आपस में मौसा भांजा थे।
घटना में गंभीर रूप से घायल मेजा निवासी घणिया उम्र 26 वर्ष पत्नी भागचंद धोबी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। इस प्रकार हादसे में कुल चार लोगों की जान चली गई।
दुर्घटना में घणिया की तीन वर्षीय पुत्री मनु गंभीर रूप से घायल हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए उसे उदयपुर रेफर किया गया है।
सूचना मिलते ही बीगोद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी जय सुल्तान ने बताया कि घायलों को पहले बीगोद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था, जहां से उन्हें जिला चिकित्सालय भेजा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
