सवाईपुर सांवर वैष्णव। क्षेत्र के रीठ गांव में सोमवार रात्रि को श्री बालाजी महाराज के नाम विशाल भजन संध्या का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गणपति वंदना और गुरु वंदना से हुई, जिसके बाद भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक भक्तिमय प्रस्तुतियां दीं।
भजन गायक युवराज वैष्णव , किशन वैष्णव और फुलशंकर वैष्णव ने बालाजी महाराज, चारभुजानाथ, सांवरिया सेठ और तेजाजी महाराज के भजनों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भजनों की मधुर स्वर लहरियों पर श्रोतागण भावविभोर होकर देर रात तक झूमते नजर आए। नृत्यांगना संजू और रोयल राणी की प्रस्तुतियों ने भी कार्यक्रम में विशेष आकर्षण पैदा किया।
आयोजक शिव दास वैष्णव ने बताया कि भोर तक चली इस भजन संध्या में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।