खुशियों का पैगाम: भीलवाड़ा में अकीदत के साथ मनाई गई ईद-उल-फितर, अमन-चैन की मांगी दुआएं
ईदगाह में मांगी अमन चैन की दुआ ,फोटो प्रहलाद तेली
भीलवाड़ा (हलचल)। खुशियों का त्यौहार ईदुल फितर आज भीलवाड़ा शहर और जिले भर में अकीदत और अहतराम के साथ हर्षोल्लास से मनाया गया। पवित्र माह रमजान के मुकम्मल होने पर शनिवार को ईदगाहों और मस्जिदों में अकीदतमंदों का सैलाब उमड़ पड़ा। नमाज के बाद खुदा की बारगाह में हाथ फैलाकर मुल्क में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली की सामूहिक दुआएं मांगी गईं।
सामूहिक नमाज और भाईचारे का संदेश
भीलवाड़ा शहर के गांधीनगर, जवाहर नगर, सांगानेर और पुर क्षेत्र सहित जिले भर की मस्जिदों में ईद की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। ईदगाहों में नमाज अदा करने पहुंचे लोगों में जबरदस्त उत्साह नजर आया। सामूहिक रूप से सजदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी नए कपड़ों में सजे-धजे नजर आए और माहौल पूरी तरह खुशगवार रहा।
कौमी एकता की मिसाल
इस खास मौके पर कौमी एकता की मिसाल भी देखने को मिली। प्रमुख ईदगाहों पर कई गैर-मुस्लिम भाइयों ने भी पहुंचकर अपने मुस्लिम मित्रों और पड़ोसियों को गले लगाया और मुबारकबाद पेश की। कई स्थानों पर ईद मिलन समारोह का भी आयोजन किया गया, जहाँ सभी का मीठी सवईंयों से मुंह मीठा कराया गया।
प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था
त्यौहार के मद्देनजर पुलिस व प्रशासन द्वारा सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के माकूल इंतजाम किए गए थे। प्रमुख ईदगाहों और मस्जिदों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा और यातायात डायवर्जन के जरिए व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा गया, जिससे कहीं भी किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।
हमीरगढ़ में अदा हुई ईद-उल-फितर की नमाज:लोगों ने अमन-चैन की दुआ मांगी, एक-दूसरे को दी बधाई
हमीरगढ़ (राजाराम वैष्णव) नगरपालिका हमीरगढ़ क्षेत्र में ईद-उल-फितर की नमाज अदा की गई। नया बाजार स्थित जामा मस्जिद में हजारों लोगों ने नमाज में शिरकत की। इस दौरान मुल्क की सलामती, तरक्की और अमन-चैन के लिए दुआएं मांगी गईं। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। रमजान के पवित्र माह में 30 रोजे पूरे होने के बाद ईद-उल-फितर के अवसर पर सुबह से ही लोगों में उत्साह देखा गया। मुस्लिम बहुल इलाकों में बच्चों ने नए कपड़े पहनकर एक-दूसरे से मुलाकात की और बधाई दी।
जामा मस्जिद के मौलाना ने बताया कि एक माह तक रमजान के रोजे रखने के बाद ईद मनाने का अवसर मिलता है। उन्होंने ईद को आपसी सौहार्द, प्रेम और भाईचारे का पर्व बताया, जिसे पूरी दुनिया में धूमधाम से मनाया जाता है। इस दौरान आम मुस्लिम समाज के सभी लोग मौजूद थे।
भीलवाड़ा | रमजान के मुकद्दर महीने के 30 रोजे मुकम्मल होने के बाद आज शहर में ईद-उल-फितर का त्यौहार पूरे हर्षोल्लास और अकीदत के साथ मनाया गया। मुख्य नमाज शहर की ईदगाह में अदा की गई, जहां हजारों की संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने खुदा की बारगाह में सिर झुकाया।
देश में खुशहाली और मोहब्बत की दुआ
शहर काजी अशरफ जिलानी ने ईद की विशेष नमाज अदा कराई। नमाज के बाद खुतबा पढ़ा गया और विशेष दुआ मांगी गई। काजी साहब ने देश में अमन, चैन और भाईचारे के लिए दुआ करते हुए सभी से मोहब्बत और आपसी सद्भाव के साथ रहने का पैगाम दिया। उन्होंने कहा कि रमजान का महीना हमें धैर्य और मानवता की सेवा की सीख देता है, जिसे हमें साल भर अपने जीवन में उतारना चाहिए।
नेताओं और अधिकारियों ने दी मुबारकबाद
नमाज के बाद ईदगाह के बाहर गले मिलकर एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद देने का सिलसिला शुरू हुआ। इस खुशी के मौके पर शहर के कई गणमान्य नागरिक और प्रशासनिक अधिकारी भी बधाई देने पहुंचे।
उपस्थित प्रमुख जनों में कांग्रेस जिला अध्यक्ष शिवराम खटीक, भीलवाड़ा प्रत्याशी ओम प्रकाश नारानीवाल, एडिशनल एसपी पारस जैन, नगर परिषद नेता प्रतिपक्ष धर्मेंद्र पारीक, अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष हमिद रंगरेज, कुणाल ओझा, मनोज पालीवाल, निसार सिलावट, अरविंद पारीक और सुरेश खटीक सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल रहे। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और सभी ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर त्यौहार की खुशियां बांटीं।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
