जीव दया की मिसाल: पक्षियों के लिए लगाए परिंडे
भीलवाड़ा | भीषण गर्मी के दस्तक देने के साथ ही बेजुबान पक्षियों के लिए दाने-पानी की व्यवस्था करने की मुहिम तेज हो गई है। सुभाष नगर वार्ड संख्या 64 स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल के पास समाजसेवी हेमेंन्द्र सिंह मेहता ने बच्चों के साथ मिलकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और पक्षियों के लिए परिंडे बांधे।
नन्हे हाथों ने उठाई जिम्मेदारी
समाजसेवी हेमेंन्द्र सिंह मेहता ने क्षेत्र के बच्चों को साथ लेकर पेड़ों पर परिंडे लगाए और उनमें पानी भरा। उन्होंने बच्चों को बताया कि बढ़ते तापमान में पक्षियों को पानी के लिए भटकना न पड़े, यह हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। इस दौरान मेहता ने अपील की कि हर नागरिक को अपने घर की छत, बालकनी या बगीचे में कम से कम एक परिंडा जरूर लगाना चाहिए और उसमें नियमित रूप से पानी भरना सुनिश्चित करना चाहिए।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश
इस अवसर पर सौरभ ने भी विचार व्यक्त करते हुए कहा कि जीव-जंतुओं की सेवा ही सच्ची मानवता है। गर्मियों में पक्षियों को राहत देने के लिए यह छोटा सा प्रयास पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में बड़ी भूमिका निभाता है। समाजसेवी टीम ने निरंतर पानी डालने का संकल्प लेते हुए क्षेत्रवासियों से भी इस पुनीत कार्य में जुड़ने का आग्रह किया।