बिजली विभाग की लापरवाही ने ली गोवंश की जान, तेजसिंह सर्कल क्षेत्र में रोष
भीलवाड़ा । शहर के व्यस्ततम तेजसिंह सर्कल क्षेत्र में शनिवार सुबह बिजली विभाग की कथित लापरवाही के चलते एक दर्दनाक हादसा हो गया। सच्चियाय माता मंदिर के सामने फैले करंट की चपेट में आने से एक गाय की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों और गोभक्तों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे मंदिर के सामने अचानक करंट फैल गया। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक गाय इसकी चपेट में आ गई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही श्री कृष्ण गौसेवा उपचार केंद्र, हरनी महादेव की टीम से किशन कीर तुरंत मौके पर पहुंचे।
पोस्टमार्टम में हुई पुष्टि
किशन कीर ने पशु चिकित्सकों की सहायता से मृत गाय का पोस्टमार्टम करवाया, जिसमें प्राथमिक रूप से मौत का कारण बिजली का करंट लगना सामने आया है। हादसे के बाद गाय के मालिक, बड़ी हरणी निवासी धर्मराज जाट ने कोतवाली थाने में विभाग के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
प्रशासन से सुधार की मांग
घटना के दौरान मौके पर किशन कीर, धर्मराज जाट, राहुल जाट, गोविंद साहू, दिनेश जाट और मुकेश जाट सहित बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी मौजूद थे। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर कड़ा एतराज जताते हुए कहा कि खुले तारों और जर्जर विद्युत व्यवस्था के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और जल्द से जल्द विद्युत लाइनों को दुरुस्त किया जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो।