आटूण में आज बहेगी भक्ति की रसधारा: भगवत सुथार और नरेश प्रजापत बिखेरेंगे भजनों की स्वर लहरियां
आटूण । चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर ग्राम आटूण में आज शाम श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। भदेसर श्याम मंदिर परिसर में एक विशाल भजन संध्या का भव्य आयोजन किया जा रहा है, जिसे लेकर स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में भारी उत्साह और उल्लास का माहौल बना हुआ है।
प्रसिद्ध गायक देंगे प्रस्तुतियां
आयोजन को खास बनाने के लिए देश के सुप्रसिद्ध भजन गायक भगवत सुथार और नरेश प्रजापत को आमंत्रित किया गया है। अपनी मधुर और सुरीली गायकी के लिए पहचाने जाने वाले ये दोनों कलाकार देर रात तक भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं को भक्ति भाव से सराबोर करेंगे। भजनों के साथ ताल से ताल मिलाने और कार्यक्रम को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए विशेष डांसर्स की टीमें भी बुलाई गई हैं, जो अपनी कला का प्रदर्शन करेंगी।
तैयारियां अंतिम चरण में
भदेरिया श्याम भोपाजी घनश्याम गाडरी ने बताया कि कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को भव्य रूप देने के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मंदिर परिसर में विशेष सजावट की गई है और बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं के बैठने के लिए सुचारू व्यवस्था की जा रही है ताकि आयोजन को पूरी गरिमा के साथ सफल बनाया जा सके।